रूस में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने पश्चिमी देशों द्वारा भारत के तेल आयात की आलोचना को खारिज करते हुए साफ शब्दों में कहा कि कोई भी देश अपनी अर्थव्यवस्था को ठप नहीं कर सकता. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत, ऊर्जा सुरक्षा के मामले में अपने हितों को प्राथमिकता देता है.
दोरईस्वामी ने कहा कि पश्चिमी देश जो भारत को रूस से तेल न खरीदने की सलाह देते हैं, वे स्वयं उन्हीं स्रोतों से अन्य प्रकार की ऊर्जा और दुर्लभ खनिज खरीद रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया, “क्या यह आपको थोड़ा अजीब नहीं लगता?” उन्होंने इसे पाखंडपूर्ण रवैया करार दिया.
भारत, जो दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता है, पहले मध्य पूर्व से तेल खरीदता था. लेकिन 2022 में जब रूस पर यूक्रेन युद्ध को लेकर पश्चिमी प्रतिबंध लगे और उसने भारी छूट पर कच्चा तेल बेचना शुरू किया, तो भारत ने राष्ट्रीय हित में वहां से आयात बढ़ा दिया. यह फैसला अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने और कीमतों को नियंत्रित करने के लिए लिया गया.
दोरईस्वामी ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत-रूस संबंध केवल ऊर्जा पर आधारित नहीं हैं. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक रक्षा साझेदारी भी है. उन्होंने याद दिलाया, “एक समय ऐसा भी था जब पश्चिमी देश भारत को हथियार बेचने से इनकार कर रहे थे और हमारे विरोधी पड़ोसियों को हथियार देकर हमें ही निशाना बना रहे थे."
भारत अपनी ऊर्जा का 80% से अधिक आयात करता है और वैश्विक बाजार की अस्थिरता सीधे देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करती है. राजदूत ने कहा, “क्या आप चाहते हैं कि हम अपनी अर्थव्यवस्था बंद कर दें?” उन्होंने दो टूक कहा कि भारत ऐसे किसी सुझाव को व्यावहारिक नहीं मानता, जिससे देश की ऊर्जा जरूरतों की अनदेखी हो.
राजदूत ने इशारों में यह भी कहा कि पश्चिमी देश स्वयं उन देशों से संबंध बनाए रखते हैं जो भारत के लिए खतरा हैं. “क्या हम आपसे पूछें कि आप किसके साथ खड़े हैं?” उन्होंने पूछा. यह बयान भारत की स्वतंत्र विदेश नीति और रणनीतिक संतुलन की ओर इशारा करता है.
रूस-यूक्रेन संघर्ष पर बोलते हुए दोरईस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर मंच पर कहा है कि यह युद्ध का युग नहीं है. उन्होंने यह बात न केवल राष्ट्रपति पुतिन से बल्कि यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से भी कहकर शांति का संदेश दिया है. भारत चाहता है कि यह संघर्ष जल्द से जल्द समाप्त हो.
First Updated : Monday, 28 July 2025