Copenhagen meeting: अल्बानियाई प्रधानमंत्री एडी रामा ने डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में आयोजित यूरोपियन पॉलिटिकल कम्युनिटी (EPC) की बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक भूल का मजाक उड़ाया. बैठक में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ बातचीत के दौरान रामा की बातें कैमरे में कैद हो गईं, जिसे देखकर वैश्विक नेताओं की हंसी रुक नहीं पाई.
वीडियो में देखा जा सकता है कि रामा मुस्कुराते हुए मैक्रों से कहते हैं कि आपको हमसे माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि आपने राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा अल्बानिया और अजरबैजान के बीच शांति समझौते पर हमें बधाई नहीं दी. इस पर मैक्रों और अलीयेव हंस पड़ते हैं. यह साफ़ दिखाता है कि शिखर सम्मेलन में तीनों नेताओं के बीच हंसी-मजाक का माहौल था.
दरअसल, यह मजाक डोनाल्ड ट्रंप के अतीत के गलत बयानों से जुड़ा हुआ था. ट्रंप ने कई मौकों पर पूर्वी यूरोपीय देशों और अन्य अंतरराष्ट्रीय मसलों में भ्रमित होने के उदाहरण दिए हैं. उन्होंने बार-बार अजरबैजान और अल्बानिया के बीच युद्धविराम कराने का क्रेडिट लिया, जबकि वास्तविक संघर्ष अर्मेनिया और अजरबैजान के बीच ही था.
सितंबर 2024 में ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने एक और युद्ध को समाप्त करा दिया. इसी दौरान गलती से उन्होंने अर्मेनिया की जगह अल्बानिया का नाम ले लिया. इसके अलावा, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी ट्रंप ने अपने प्रशासन का क्रेडिट लेते हुए कहा था कि उन्होंने अजरबैजान और अल्बानिया के बीच शांति समझौता कराया.
ट्रंप की इस भूल ने केवल यूरोप ही नहीं, बल्कि उनके अन्य अंतरराष्ट्रीय संबोधनों में भी विवाद खड़ा किया. एक डिनर मीट के दौरान उन्होंने कंबोडिया और अर्मेनिया के बीच युद्ध समाप्त कराने का दावा किया, जबकि ये दोनों देश एक-दूसरे से 4,000 मील से अधिक दूर हैं और कभी युद्ध में शामिल नहीं हुए.
एडी रामा की कमेंट्री का वीडियो शिखर सम्मेलन में उपस्थित लोगों के बीच तेजी से सर्कुलेट हुआ और अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, और यह ट्रंप के वैश्विक राजनीतिक छवि पर भी हल्का मजाक बन गया है.
First Updated : Friday, 03 October 2025