नई दिल्ली: ओमान के तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य में एक व्यापारिक जहाज पर हुए हमले के बाद भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है. विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए बताया कि जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है. उसकी तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है.
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारत इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता है और क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करता है. मंत्रालय ने बताया कि ओमान में स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है तथा लापता भारतीय की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान की निगरानी कर रहा है.
सरकार के अनुसार, भारतीय मिशन ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए हुए है ताकि सभी प्रभावित भारतीयों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके. साथ ही, लापता नाविक के बारे में हर नई जानकारी पर नजर रखी जा रही है. भारत ने खोज एवं बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया है.
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंताएं बनी हुई हैं. यह मार्ग वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात गुजरता है.
फिलहाल हमले के पीछे जिम्मेदार पक्ष और घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी. साथ ही, सरकार ने उम्मीद जताई है कि लापता भारतीय नागरिक का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है. First Updated : Sunday, 12 July 2026