बांग्लादेश में अगले साल चुनाव, यूनुस ने अमेरिका से मांगी सियासी बैसाखी

बांग्लादेश में अगले साल की शुरुआत में आम चुनाव कराए जाएंगे. अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से टेलीफोन पर बातचीत में यह जानकारी दी और देश के लोकतांत्रिक बदलाव के लिए वॉशिंगटन से समर्थन मांगा.

calender

Bangladesh Elections: बांग्लादेश में अगले साल के शुरुआती महीनों में आम चुनाव कराए जाएंगे. देश के अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने यह जानकारी अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो को फोन पर दी. इस दौरान यूनुस ने अमेरिका से अपने देश के लोकतांत्रिक संक्रमण (Democratic Transition) में समर्थन देने की अपील की. उन्होंने कहा कि राजनीतिक सुधारों की दिशा में उनकी सरकार तेजी से काम कर रही है और सभी दलों से संवाद जारी है.

ढाका सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अमेरिकी विदेश मंत्री ने बांग्लादेश के सुधार एजेंडे और जल्द चुनाव कराने के फैसले का समर्थन किया है. बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा की.

अगले साल की शुरुआत में चुनाव का एलान

यूनुस ने बताया कि बांग्लादेश में आम चुनाव अगले साल की शुरुआत में कराए जाएंगे, जो कि लंबे समय से लंबित थे. पिछली प्रधानमंत्री शेख हसीना को अगस्त 2024 में बड़े पैमाने पर हुए जनविरोध के बाद सत्ता से हटना पड़ा था, जिसके बाद से देश में अंतरिम सरकार काम कर रही है. उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग पूरी ताकत से चुनावी व्यवस्था को दोबारा संगठित करने में जुटा है, जिसे पूर्ववर्ती सरकार ने पूरी तरह नष्ट कर दिया था."

लोकतांत्रिक सुधारों पर जोर

यूनुस ने अमेरिकी विदेश मंत्री को यह भी बताया कि उनकी सरकार विभिन्न राजनीतिक दलों से निरंतर संवाद कर रही है ताकि देश की राजनीतिक व्यवस्था में जरूरी सुधार लाए जा सकें. इसका उद्देश्य बांग्लादेश में एक मजबूत, पारदर्शी और लोकतांत्रिक प्रणाली स्थापित करना है. ढाका सरकार के अनुसार, अमेरिका ने इन सुधारों के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया है और इस प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन दिया है.

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सुरक्षा पर चर्चा

फोन पर हुई इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की. यूनुस और रुबियो ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्थिर और शांतिपूर्ण बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई.

अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा, "सेक्रेटरी और चीफ एडवाइज़र (यूनुस) ने अमेरिका और बांग्लादेश के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा व स्थिरता बढ़ाने के साझा संकल्प को दोहराया."

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को उम्मीद है कि अमेरिका जैसे वैश्विक लोकतांत्रिक साझेदार का सहयोग उसके लोकतांत्रिक बदलाव और स्वतंत्र चुनावों की दिशा में एक महत्वपूर्ण सहारा बनेगा. First Updated : Wednesday, 02 July 2025