पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हाल ही में हुए बड़े पैमाने पर समन्वित हमलों की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली है. इस बीच संगठन ने सोमवार को अपने दो हमलावरों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं, जिनमें दोनों महिलाएं बताई जा रही हैं. इन हमलों में अब तक कम से कम 17 सुरक्षाकर्मियों सहित करीब 50 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. हालात की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रांत में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.
बीएलए की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि हमले में शामिल एक महिला की पहचान 24 वर्षीय आसिफा मेंगल के रूप में हुई है. वह बलूचिस्तान के नुश्की इलाके की रहने वाली थी और मोहम्मद इस्माइल की बेटी बताई जा रही है. संगठन का दावा है कि आसिफा ने अपने 21वें जन्मदिन पर बीएलए की मजीद ब्रिगेड को जॉइन किया था और जनवरी 2024 में आत्मघाती हमलावर बनने का निर्णय लिया. बीएलए के अनुसार, नुश्की स्थित आईएसआई मुख्यालय पर हुए हमले को उसी ने अंजाम दिया.
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी इस बात की पुष्टि की है कि हालिया दो बड़े हमलों में महिला हमलावर शामिल थीं. हालांकि दूसरी महिला हमलावर की पहचान अब तक सामने नहीं आई है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर दूसरी महिला हमलावर अपने पुरुष साथियों के साथ हथियारों के साथ नजर आ रही है. वीडियो में वह पाकिस्तानी सरकार पर तंज कसते हुए कहती है कि सरकार केवल आम नागरिकों, खासकर महिलाओं पर ही अपनी ताकत दिखा सकती है सीधे मुकाबले की उसमें हिम्मत नहीं है.
उधर, बीएलए ने ‘हेरोफ’ यानी ‘काला तूफान’ नाम से अपने अभियान के दूसरे चरण की घोषणा की है, जिसके तहत पूरे बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की बात कही गई है. इसके जवाब में पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि आतंकियों के किसी भी शहर या संवेदनशील प्रतिष्ठान पर कब्जा करने के प्रयासों को नाकाम कर दिया गया है.
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने क्वेटा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बीते 40 घंटों में चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान 145 आतंकवादी मारे गए हैं, जबकि 17 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं. उन्होंने कहा कि सभी आतंकवादियों के शव सुरक्षा एजेंसियों के कब्जे में हैं और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है. सेना के अनुसार, क्वेटा, मस्तंग, नुश्की, ग्वादर, पंजगुर और पसनी सहित कई इलाकों में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश की गई थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया. First Updated : Monday, 02 February 2026