ब्रिक्स सम्मेलन 2025 में जहां पहलगाम आतंकी हमले, ईरान-इजराइल युद्ध और वैश्विक टैरिफ जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हो रही है, वहीं चीन ने एक अहम व्यावसायिक निर्णय लेते हुए ब्राजील से चिकन मीट के आयात पर लगे प्रतिबंध को हटाने का संकेत दिया है. यह फैसला ब्राजील की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ी राहत मानी जा रही है, जो कि दुनिया का सबसे बड़ा चिकन निर्यातक देश है.
कुछ महीने पहले ब्राजील के एक पोल्ट्री फार्म में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) के मामले सामने आए थे. इसके बाद चीन सहित 20 से अधिक देशों ने ब्राजील से पोल्ट्री उत्पादों के आयात पर अस्थायी रोक लगा दी थी. इस प्रतिबंध से ब्राजील के पोल्ट्री सेक्टर को बड़ा झटका लगा और जून 2025 में उसके चिकन मीट के निर्यात में 23% की गिरावट दर्ज की गई.
ब्रिक्स समिट 2025 की मेजबानी इस बार ब्राजील कर रहा है और यही मंच ब्राजील के लिए कूटनीतिक और व्यापारिक अवसर लेकर आया. ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा और चीन के प्रीमियर ली कियांग के बीच हुई एक बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई. ब्राजील के कृषि मंत्री कार्लोस फावारो ने पुष्टि की कि चीन अब पोल्ट्री आयात पर लगी रोक को हटाने के लिए प्रोटोकॉल की समीक्षा कर रहा है.
विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH) द्वारा यह घोषणा किए जाने के बाद कि ब्राजील में बर्ड फ्लू की स्थिति नियंत्रण में है, जून के आखिर तक सात देशों ने अपने प्रतिबंध वापस ले लिए हैं. हालांकि अब भी चीन, मलेशिया और पेरू सहित 9 देश ऐसे हैं जिन्होंने ब्राजील से पोल्ट्री उत्पादों के आयात पर रोक बरकरार रखी है.
ब्राजील सरकार को उम्मीद है कि ब्रिक्स मंच से मिले समर्थन के चलते जल्द ही चीन भी अपने बाजार ब्राजील के लिए खोल देगा. ब्राजील का लक्ष्य है कि 2025 के अंत तक पोल्ट्री निर्यात को फिर से पुराने स्तर पर पहुंचाया जाए. ब्रिक्स समिट इस दिशा में ब्राजील के लिए निर्णायक साबित हो सकती है. First Updated : Monday, 07 July 2025