नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ हुए G7 विवाद पर बात की है। ट्रंप का कहना है कि फ्रांस में हुए G7 समिट के दौरान मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए बार कहा था।
ट्रंप ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि मेलोनी ने उनसे सेल्फी के लिए मिन्नतें की थीं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के मुद्दे पर अमेरिका का साथ न देने की वजह से इटली में मेलोनी की लोकप्रियता गिर रही है।
ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान युद्ध के दौरान मेलोनी ने अमेरिका को इटली के लैंडिंग स्ट्रिप और रनवे इस्तेमाल करने से मना कर दिया था। उनके मुताबिक इस फैसले से अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन में काफी लॉजिस्टिकल दिक्कतें आईं।
ट्रंप ने लिखा कि अमेरिका हर साल इटली और दूसरे NATO सहयोगियों की सुरक्षा पर अरबों डॉलर खर्च करता है, लेकिन जरूरत के समय इटली ने सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब जब अमेरिका ने ईरान को सैन्य रूप से हरा दिया है तो मेलोनी अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए फिर से दोस्ती करना चाहती हैं।
मेलोनी ने शुक्रवार को ट्रंप के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि ट्रंप की बातें मनगढ़ंत हैं और न तो वह और न ही इटली कभी किसी से मिन्नतें करते हैं।
इटली की प्रधानमंत्री ने निराशा जताते हुए कहा कि इस तरह की कहानियां गढ़ना सही नहीं है। उनका कहना है कि G7 समिट के दौरान उन्होंने ट्रंप से फोटो के लिए कोई अनुरोध नहीं किया था।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब ट्रंप ने इटली के टीवी चैनल La7 से बातचीत में कहा कि मेलोनी G7 समिट के दौरान उनके साथ फोटो खिंचवाने को लेकर काफी उत्सुक थीं। ट्रंप ने यह भी कहा कि मेलोनी शायद खुश थीं कि उन्होंने समिट में उनसे बात की।
कभी मेलोनी को यूरोप में ट्रंप का सबसे बड़ा समर्थक माना जाता था। वह 2025 में ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाली एकमात्र यूरोपीय नेता थीं। लेकिन हाल के दिनों में दोनों के रिश्तों में खटास आ गई है।
मेलोनी ने हाल ही में ट्रंप की सार्वजनिक रूप से आलोचना की थी जब ट्रंप ने ईरान संघर्ष की निंदा करने पर पोप लियो पर हमला बोला था। इसके बाद ट्रंप ने मेलोनी पर हिम्मत की कमी का आरोप लगाया था। अब यह बयान और आरोप प्रत्यारोप दोनों नेताओं के बीच दूरियां और बढ़ाते दिख रहे हैं। First Updated : Saturday, 20 June 2026