‘वेंटिलेटर पर ईरान के साथ युद्धविराम...’ ट्रंप का बयान; मिडिल ईस्ट में नाजुक हालत

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थिति की गंभीरता समझाते हुए कहा, "ईरान का जवाब पढ़ने के बाद मैंने उसे पूरा भी नहीं किया। मैं साफ कह रहा हूं कि यह युद्धविराम अब लाइफ सपोर्ट पर है।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (11 मई 2026) को ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सीजफायर अब 'वेंटिलेटर' पर है और उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी है। तेहरान की तरफ से भेजे गए जवाब को ट्रंप ने 'अस्वीकार्य' बताया। ओवल ऑफिस में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि एक महीने पहले शुरू हुआ युद्धविराम अब सबसे कमजोर दौर में है।

लाइफ सपोर्ट पर है सीजफायर- ट्रंप 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थिति की गंभीरता समझाते हुए कहा, "ईरान का जवाब पढ़ने के बाद मैंने उसे पूरा भी नहीं किया। मैं साफ कह रहा हूं कि यह युद्धविराम अब लाइफ सपोर्ट पर है। ऐसा लगता है जैसे डॉक्टर आकर कह दे कि मरीज के बचने की उम्मीद सिर्फ एक फीसदी है।" उनका इशारा था कि समझौता कभी भी टूट सकता है।

8 अप्रैल से शुरू हुआ था युद्धविराम 

गौरतलब है कि यह युद्धविराम 8 अप्रैल को लागू किया गया था। उस वक्त ट्रंप ने कड़ी चेतावनी दी थी कि अगर कोई समझौता नहीं हुआ तो वे ईरान की 'पूरी सभ्यता' खत्म कर देंगे। शुरुआत में यह दो हफ्ते के लिए था, लेकिन 21 अप्रैल को ट्रंप ने इसे एकतरफा बढ़ा दिया। हालांकि तब से दोनों देश एक-दूसरे पर शर्तें तोड़ने का आरोप लगाते रहे हैं, जिससे सीजफायर लगातार खतरे में रहा।

हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव 

युद्धविराम की घोषणा के समय ट्रंप ने ईरान से हॉर्मुज स्ट्रेट को तुरंत खोलने को कहा था। यह जलमार्ग दुनिया के तेल कारोबार के लिए बेहद अहम है और युद्ध के बाद लगभग बंद हो गया था। इसके बाद अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में नौसैनिक नाकाबंदी कर दी ताकि ईरानी बंदरगाहों पर आवाजाही रोकी जा सके।

हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे 

युद्धविराम के बावजूद हिंसा जारी है। पिछले हफ्ते ईरान ने यूएई पर हमला किया, वहीं हॉर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी और ईरानी बलों के बीच गोलीबारी हुई। पेंटागन के मुताबिक अमेरिकी सेना ने ईरान के झंडे वाले दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया।

ट्रंप को ईरान का जवाब पसंद नहीं 

दरअसल अमेरिकी अधिकारी ईरान के औपचारिक प्रस्ताव का इंतजार कर रहे थे ताकि युद्ध खत्म करने और परमाणु कार्यक्रम पर बात आगे बढ़े। रविवार को ट्रंप ने टुथ सोशल पर लिखा, "मुझे ईरान की प्रतिक्रिया मिल गई है। मुझे यह पसंद नहीं है, यह बिल्कुल अस्वीकार्य है।"

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो