एपस्टीन ने किसे की थी आखिरी कॉल? सामने आई ‘रहस्यमयी’ प्रेमिका की पूरी कहानी, जो बाद में बनी उत्तराधिकारी
हाल ही में जारी दस्तावेजों में जेफरी एपस्टीन और बेलारूसी दंत चिकित्सक कैरीना शुलियाक के करीबी संबंधों का खुलासा हुआ है. रिकॉर्ड के अनुसार, मौत से पहले एपस्टीन का आखिरी फोन कॉल भी शुलियाक को किया गया था.

जेफरी एपस्टीन की मौत के वर्षों बाद भी उनसे जुड़े खुलासे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. हाल ही में सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों ने उनके निजी जीवन के एक ऐसे पहलू को सामने रखा है, जिस पर पहले बहुत कम चर्चा हुई थी. इन फाइलों में कैरीना शुलियाक नाम की एक बेलारूसी दंत चिकित्सक का जिक्र है, जिसे एपस्टीन की प्रेमिका और लंबे समय तक करीबी साथी बताया गया है. रिकॉर्ड के मुताबिक, अगस्त 2019 में संघीय हिरासत में मौत से पहले एपस्टीन ने अपना आखिरी फोन कॉल भी शुलियाक को ही किया था.
दस्तावेजों में बताया गया हैं कि कैरीना शुलियाक की मुलाकात एपस्टीन से वर्ष 2010 में बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में हुई थी. उस समय वह लगभग 20 वर्ष की थीं. एक साझा परिचित के जरिए दोनों का परिचय हुआ. बताया जाता है कि मुलाकात के बाद एपस्टीन ने उनमें विशेष रुचि दिखाई और धीरे-धीरे उन्हें अपने करीबी दायरे में शामिल कर लिया.
कुछ समय बाद शुलियाक अमेरिका चली गईं. आधिकारिक रिकॉर्ड में उन्हें पहले एपस्टीन के यहां काम करते हुए दिखाया गया, लेकिन बाद में उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय के डेंटल कॉलेज में दाखिला लिया और 2015 में डिग्री हासिल की. फाइलों में यह भी उल्लेख है कि एपस्टीन ने उनकी पढ़ाई में आर्थिक और अन्य तरह से मदद की.
करीबी लेकिन असंतुलित था दोनों का रिश्ता
जारी दस्तावेजों में उनके संबंध को करीबी लेकिन असंतुलित बताया गया है. कई ईमेल और संदेश इस रिश्ते में भावनात्मक तनाव, निर्भरता और अस्थिरता की ओर इशारा करते हैं. एपस्टीन कभी उन्हें अपनी प्रेमिका तो कभी मंगेतर कहकर संबोधित करते थे. उनकी संपत्ति के रिकॉर्ड में एक महंगी हीरे की अंगूठी का भी जिक्र है, जिसे सगाई की अंगूठी बताया गया. कुछ संदेशों से यह भी पता चलता है कि उनके रिश्ते में ईर्ष्या और असहमति के पल भी थे.
एक ओर शुलियाक ने कभी एपस्टीन को बेहद सम्मानजनक शब्दों में लिखा, तो दूसरी ओर निजी बातचीत में तनाव और दुख भी झलकता है. फाइलों में ऐसी तस्वीरें और रिकॉर्ड भी शामिल हैं, जिनमें शुलियाक को एपस्टीन के साथ निजी यात्राओं और बैठकों में देखा गया है. यहां तक कि बताया गया है कि एपस्टीन की कुछ संपत्तियों में डेंटल चेयर भी लगाई गई थीं, जिससे संकेत मिलता है कि उनके पेशेवर प्रशिक्षण और निजी जीवन के बीच गहरा संबंध था.
संपत्ति की प्रमुख लाभार्थी
दस्तावेजों के अनुसार, शुलियाक को एपस्टीन की संपत्ति का प्रमुख लाभार्थी बताया गया है. उनकी कुल संपत्ति का अनुमान करोड़ों डॉलर में लगाया गया था. हालांकि, इस रिश्ते को लेकर उठ रहे सवाल यह भी दर्शाते हैं कि यह संबंध असंतुलन और विवादों से घिरा हुआ था. एपस्टीन के जीवन में कैरीना शुलियाक की भूमिका को लेकर अब चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, इन दस्तावेजों से यह साफ है कि उनका रिश्ता सरल नहीं था, बल्कि भावनात्मक जटिलताओं और परिस्थितियों से भरा हुआ था.


