बगावती बांग्लादेश को ICC ने किया माफ, दरियादिली दिखाकर किया ये बड़ा ऐलान

बीसीबी को आईसीसी ने बड़ी राहत दी है. आईसीसी ने साफ किया कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने को लेकर बांग्लादेश पर किसी तरह की सजा नहीं लगाई जाएगी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच खेलने से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा इनकार करने के फैसले ने काफी हलचल मचा दी थी. सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जब बांग्लादेश ने भारत में खेलने से मना किया तो इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने उसे टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल कर लिया. इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में यह चर्चा तेज हो गई थी कि आईसीसी बांग्लादेश के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकता है.

ICC ने BCB को दी बड़ी राहत 

हालांकि, अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को आईसीसी से बड़ी राहत मिली है. आईसीसी ने साफ कर दिया है कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने को लेकर बांग्लादेश पर किसी तरह की सजा नहीं लगाई जाएगी. साथ ही, आईसीसी ने बांग्लादेश को भविष्य के लिए एक अहम जिम्मेदारी भी सौंपी है, जिसे बोर्ड के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश को किसी भी तरह की वित्तीय, खेल संबंधी या प्रशासनिक पेनल्टी नहीं झेलनी पड़ेगी. इसके साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का डिस्प्यूट रिजॉल्यूशन कमिटी (DRC) में जाने का अधिकार भी पूरी तरह सुरक्षित रहेगा. यानी बीसीबी की आईसीसी में स्थिति पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है.

आईसीसी द्वारा जारी आधिकारिक बयान

आईसीसी द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, हाल ही में लाहौर में आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच अहम बैठक हुई थी. इस बैठक में न सिर्फ 2026 टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, बल्कि दक्षिण एशिया में क्रिकेट के भविष्य को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. बातचीत के बाद यह तय किया गया कि बांग्लादेश को 2028 से 2031 के बीच किसी एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका दिया जाएगा.

गौरतलब है कि बांग्लादेश को पहले से ही 2031 वनडे वर्ल्ड कप की सह-मेजबानी भारत के साथ करनी है. ऐसे में उससे पहले एक और आईसीसी इवेंट की मेजबानी मिलना उसके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. इससे बांग्लादेश में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल के विकास को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.

आईसीसी के चीफ एग्जीक्यूटिव ने क्या कहा?

आईसीसी के चीफ एग्जीक्यूटिव संजोग गुप्ता ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बांग्लादेश का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा न ले पाना दुर्भाग्यपूर्ण जरूर है, लेकिन इससे आईसीसी और बांग्लादेश के रिश्तों पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि आईसीसी, बीसीबी और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर काम करती रहेगी, ताकि बांग्लादेश में क्रिकेट आगे बढ़े और खिलाड़ियों व प्रशंसकों को भविष्य में बेहतर अवसर मिल सकें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag