नई दिल्ली: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हालात और गंभीर हो गए हैं. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने हवाई हमलों से जुड़ा एक वीडियो फुटेज जारी किया है, जिसमें दावा किया गया है कि पाकिस्तान की सीमा के भीतर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया.
जारी फुटेज में रात के अंधेरे में जोरदार धमाके होते दिखाई दे रहे हैं. अफगानिस्तान का कहना है कि ये हमले पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर किए गए. हालांकि, उपलब्ध वीडियो के आधार पर सटीक स्थान की पुष्टि करना मुश्किल बताया जा रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और सीमावर्ती इलाकों में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है. जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई प्रांतों में हवाई हमले किए हैं.
बताया गया है कि 2021 में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद पाकिस्तान की ओर से यह पहला बड़ा हमला माना जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने कंधार और काबुल के आसपास के क्षेत्रों में बमबारी की.
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ अपने संबंधों को लेकर सकारात्मक टिप्पणी की. उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं. आपके पास एक महान प्रधानमंत्री हैं, एक महान जनरल हैं. आपके पास एक अच्छा नेता हैं, दो ऐसे लोग जिनका मैं वास्तव में बहुत सम्मान करता हूं और मुझे लगता है कि पाकिस्तान बहुत बढ़िया प्रदर्शन कर रहा है."
ट्रंप से यह सवाल किया गया था कि क्या वह पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू किए गए "खुले युद्ध" को रोकने के लिए हस्तक्षेप करेंगे.
अमेरिका की राजनीतिक मामलों की उप विदेश मंत्री एलिसन हूकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि उन्होंने पाकिस्तान की विदेश मंत्री आमना बलूच से बातचीत की. उन्होंने हालिया संघर्ष में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
उन्होंने कहा, "हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और तालिबान के हमलों के खिलाफ आत्मरक्षा करने के पाकिस्तान के अधिकार के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हैं."
पाकिस्तान ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ "खुली जंग" जारी है. पाकिस्तान का दावा है कि उसके हवाई हमलों में 270 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए और 400 से ज्यादा घायल हुए. ये कार्रवाई कथित तौर पर सीमा पार से हुए हमलों के जवाब में की गई.
वहीं, अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि अफगान बलों ने 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और पाकिस्तान के भीतर उन ठिकानों को निशाना बनाया, जिन्हें उन्होंने "महत्वपूर्ण सैन्य लक्ष्य" बताया. First Updated : Saturday, 28 February 2026