मेरे देश से दफा हो जाओ, अमेरिका में भारतीय दंपति के साथ नस्लीय बदसलूकी का वीडियो वायरल

अमेरिका में एक भारतीय दंपति के साथ कथित नस्लीय बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति दंपति से भारत लौट जाने और मेरे देश से दफा हो जाओ जैसी टिप्पणी करता नजर आ रहा है, जबकि दंपति पूरे समय शांत बने रहे.

calender

नई दिल्ली: अमेरिका में एक भारतीय दंपति के साथ हुई कथित नस्लीय बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति कार में बैठकर भारतीय दंपति से उनकी नागरिकता और भारत को लेकर सवाल पूछता नजर आता है. बातचीत के दौरान वह आक्रामक हो जाता है और दंपति से अमेरिका छोड़ने तक की बात कह देता है.

हालांकि घटना कहां की है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. कई यूजर्स ने इस घटना को अमेरिका में बढ़ते नस्लवाद से जोड़ते हुए चिंता जताई है. वहीं, वीडियो में मौजूद भारतीय दंपति पूरे समय शांत और संयमित दिखाई दिए.

कैसे शुरू हुई पूरी बातचीत?

वायरल वीडियो में कार में बैठा व्यक्ति भारतीय दंपति से पूछता है कि क्या वे भारत से हैं. जब दंपति इसकी पुष्टि करते हैं तो वह उनसे पूछता है कि क्या भारत अमेरिका से बेहतर है.

इस सवाल के जवाब में भारतीय व्यक्ति शांत तरीके से कहता है कि दोनों देशों के अपने-अपने फायदे हैं और भारत में उनका परिवार रहता है.

इसके बाद कार में बैठा व्यक्ति आक्रामक लहजे में प्रतिक्रिया देता है और कहता है, "नहीं, हमें तुम्हारी यहां जरूरत नहीं है. तुम्हें घर जाना होगा. मेरे देश से दफा हो जाओ."

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस वीडियो को X पर @AyTone4th नाम के यूजर ने शेयर किया. वीडियो पोस्ट करते हुए उसने लिखा, "मुझे कुछ अविश्वसनीय H-1B भारतीय मिले, और मुझे उन्हें कुछ बताना ही था!"

वायरल क्लिप साझा करने वाले सत्यापित अकाउंट ने इससे पहले भी भारतीयों का मजाक उड़ाने वाले कई वीडियो पोस्ट किए हैं. इनमें से एक वीडियो भारतीय रेस्तरां के अंदर फिल्माया गया था.

दंपति ने नहीं खोया संयम

आपत्तिजनक और नस्लीय टिप्पणियों के बावजूद भारतीय दंपति ने पूरी बातचीत के दौरान शांति बनाए रखी. वीडियो में वे किसी भी तरह की बहस या आक्रामक प्रतिक्रिया से बचते नजर आए.

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दंपति के संयम की सराहना की और घटना की आलोचना की.

मार्को रुबियो को भी किया गया टैग

इस घटना के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को टैग किया. रुबियो हाल ही में भारत की आधिकारिक यात्रा पूरी करके लौटे हैं.

भारत दौरे के दौरान उनसे अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ बढ़ती नस्लीय घटनाओं को लेकर सवाल पूछा गया था. इस पर उन्होंने कहा था, "हर देश में मूर्ख लोग होते हैं."

पत्रकारों से बातचीत में रुबियो ने कहा, "दुर्भाग्य से, लोग सोशल मीडिया पर और दुनिया के हर देश में हर समय मूर्खतापूर्ण बातें कहते रहते हैं."

ट्रंप की पोस्ट पर भी उठा था विवाद

मार्को रुबियो की यह टिप्पणी उस समय आई थी जब उनसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा साझा की गई एक पोस्ट को लेकर सवाल पूछा गया था. उस पोस्ट में भारत को "नरक का गड्ढा" कहा गया था. First Updated : Thursday, 28 May 2026