डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर जियोर्जिया मेलोनी का करारा जवाब, कहा लगातार हमले बेमतलब हैं

ट्रंप ने इटली के उस फैसले पर भी सवाल उठाया जिसमें उसने अमेरिका को अपने एयरस्ट्रिप और रनवे इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी थी। उनके मुताबिक इस फैसले से अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन में बड़ी लॉजिस्टिकल दिक्कतें पैदा हुईं।

calender

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी पर निशाना साधते हुए चर्चा में आ गए हैं। 80 साल के ट्रंप ने दावा किया है कि फ्रांस में हुई G7 बैठक के दौरान मेलोनी ने उनके साथ बार फोटो खिंचवाने की कोशिश की थी।  

ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि मेलोनी ने शिखर सम्मेलन में उनके साथ फोटो के लिए बार मौका मांगा। उन्होंने यह भी कहा कि मेलोनी को इटली में समर्थन खोना पड़ रहा है और इसकी एक वजह ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के अमेरिकी प्रयासों पर उनका रुख हो सकता है।  

रनवे इस्तेमाल न देने पर जताई नाराजगी   

ट्रंप ने लिखा कि मेलोनी की गिरती लोकप्रियता का कारण ईरान को परमाणु क्षमता हासिल करने से रोकने के अमेरिका के कदमों का विरोध हो सकता है। उन्होंने याद दिलाया कि NATO ने भी वाशिंगटन के रुख का समर्थन नहीं किया था।  

ट्रंप ने इटली के उस फैसले पर भी सवाल उठाया जिसमें उसने अमेरिका को अपने एयरस्ट्रिप और रनवे इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी थी। उनके मुताबिक इस फैसले से अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन में बड़ी लॉजिस्टिकल दिक्कतें पैदा हुईं।  

ट्रंप ने लिखा कि अमेरिका हर साल इटली और दूसरे तथाकथित NATO सहयोगियों की सुरक्षा के लिए अरबों डॉलर खर्च करता है। उन्होंने दावा किया कि जब अमेरिका ने ईरान को सैन्य रूप से हरा दिया तो मेलोनी ने वाशिंगटन के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश शुरू कर दी।  

मेलोनी का करारा जवाब    

ट्रंप की पोस्ट पर जवाब देते हुए मेलोनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप के लगातार और बिना उकसावे के हमले बेमतलब हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लोकप्रियता ट्रंप के साथ रिश्तों पर निर्भर नहीं करती।  

मेलोनी ने कहा कि उनकी लोकप्रियता इस बात पर निर्भर करती है कि वह इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा कितनी अच्छी तरह कर पाती हैं और वह हमेशा यही करती आई हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इटली में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल के नियम पहले से तय समझौतों पर आधारित हैं और जब तक वह प्रधानमंत्री हैं इनका उल्लंघन नहीं होगा।  

मेलोनी ने ट्रंप को सलाह दी कि वह अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि इटली एक संप्रभु राष्ट्र है और रहेगा। दोनों नेताओं के बीच यह बयानबाजी उनके रिश्तों में आई ताजा खटास को दिखाती है। कभी यूरोप में ट्रंप के सबसे करीबी सहयोगियों में मानी जाने वाली मेलोनी अब खुलकर उनके बयानों का जवाब दे रही हैं।   First Updated : Saturday, 20 June 2026