1 अरब डॉलर और तुर्की की सबसे खूबसूरत दुल्हन दो, वरना दूतावास बंद! युगांडा सेना प्रमुख की सनसनीखेज मांग
युगांडा के सेना प्रमुख जनरल मुहूजी कैनेरुगाबा ने तुर्की पर 1 अरब डॉलर की मांग रखी है, साथ ही एक अजीबोगरीब शादी की शर्त भी. अगर 30 दिनों में ये मांग पूरी नहीं हुई तो तुर्की दूतावास बंद करने की धमकी दी है. यह मामला अब पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है.

नई दिल्ली: युगांडा के सेना प्रमुख जनरल मुहूजी कैनेरुगाबा ने तुर्की के सामने दो अजीबोगरीब मांगें रखकर पूरी दुनिया को चौंका दिया है. पहली मांग है एक अरब डॉलर यानी करीब 8500 करोड़ रुपये, और दूसरी मांग है तुर्की की सबसे खूबसूरत लड़की से शादी करवाने की. उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर 30 दिनों के अंदर ये दोनों मांगें पूरी नहीं हुईं तो युगांडा तुर्की का दूतावास बंद कर देगा.
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. जनरल कैनेरुगाबा ने 11 अप्रैल को एक्स पर पोस्ट करते हुए तुर्की पर आरोप लगाया कि उसने सोमालिया में सुरक्षा की कीमत पर भारी कमाई की, जबकि युगांडा ने जान जोखिम में डालकर लड़ाई लड़ी. अब वे तुर्की से ‘सुरक्षा का हिस्सा’ मांग रहे हैं.
1 अरब डॉलर की मांग का आधार
जनरल मुहूजी कैनेरुगाबा ने लिखा कि युगांडा पिछले करीब 20 सालों से सोमालिया में अल-शबाब आतंकियों के खिलाफ लड़ रहा है. यह संगठन अल-कायदा से जुड़ा है और सोमालिया में भारी तबाही मचा चुका है. युगांडा ने इस जंग में अपने कई सैनिक खोए हैं. उन्होंने कहा कि तुर्की ने सोमालिया में सड़कें, बंदरगाह और हवाई अड्डे बनाकर अच्छी कमाई की, लेकिन सुरक्षा का पूरा बोझ युगांडा पर रहा. इसलिए तुर्की को 1 अरब डॉलर यानी करीब 8500 करोड़ रुपये युगांडा को देने चाहिए, जिसे उन्होंने ‘सुरक्षा का हिस्सा’ बताया.
तुर्की की सबसे खूबसूरत लड़की से शादी की मांग
1 अरब डॉलर की मांग के साथ ही जनरल कैनेरुगाबा ने अपनी व्यक्तिगत मांग भी रखी. उन्होंने लिखा कि उन्हें तुर्की की सबसे खूबसूरत लड़की से शादी करनी है. हालांकि यह बयान मजाकिया अंदाज में दिया गया लगता है, लेकिन इसने विश्व स्तर पर भारी आलोचना और चर्चा छेड़ दी है.
30 दिनों की चेतावनी और धमकी
जनरल ने साफ धमकी दी कि अगर तुर्की 30 दिनों के अंदर उनकी मांगें पूरी नहीं करता तो युगांडा तुर्की का दूतावास बंद कर देगा. साथ ही तुर्की की एयरलाइन को युगांडा के हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने युगांडा के नागरिकों को तुर्की न जाने की सलाह भी दे दी है.
जनरल मुहूजी कैनेरुगाबा कौन हैं?
मुहूजी कैनेरुगाबा युगांडा के सेना प्रमुख हैं यानी पूरी फौज के सबसे बड़े अधिकारी. वे युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे हैं और उन्हें पिता का उत्तराधिकारी यानी अगला राष्ट्रपति माना जाता है. सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय रहने वाले कैनेरुगाबा अपने अजीबोगरीब और विवादास्पद बयानों के लिए पहले से ही चर्चा में रहते हैं.


