ट्रंप की ईरान को बड़ी धमकी, कहा "मेरी हत्या हुई तो ईरान पर होगी ऐसी बमबारी जैसी पहले कभी नहीं"
उन्होंने साफ किया कि फिलहाल हत्या की कोई नई साजिश का इनपुट नहीं मिला है। इजराइल की तरफ से मिली कथित खुफिया जानकारी को भी उन्होंने खारिज कर दिया।

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। न्यूयॉर्क पोस्ट से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर तेहरान उनकी हत्या में सफल होता है तो ईरान पर ऐसी सैन्य कार्रवाई होगी जैसी दुनिया ने पहले कभी नहीं देखी। ट्रंप ने ये भी कहा कि उन्होंने इसको लेकर पहले ही निर्देश दे दिए हैं।
"मैं सालों से ईरान की किल लिस्ट में नंबर 1 पर"
न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, "मैं लंबे समय से उनकी सूची में रहा हूँ। हमें इसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।" उन्होंने साफ किया कि फिलहाल हत्या की कोई नई साजिश का इनपुट नहीं मिला है। इजराइल की तरफ से मिली कथित खुफिया जानकारी को भी उन्होंने खारिज कर दिया।
ट्रंप बोले, "नहीं, नहीं। इजराइल के हाथ कुछ नहीं लगा। मैं नंबर 1 पर रहा हूँ, और जिंदगी ऐसी ही है।" अपने अंदाज में उन्होंने अंत में कहा, "मुझे उम्मीद है कि आप मुझे याद करेंगे।"
नाटो समिट में भी दोहराया बयान
इस हफ्ते की शुरुआत में अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के बाद भी ट्रंप ने ऐसा ही बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि वो ईरान के "नंबर वन टारगेट" हैं। उन्होंने कहा, "उनके नेता थे, वे चले गए। अब उनके पास नेताओं का एक और समूह है। हो सकता है वे भी चले जाएं। और पता है क्या, हो सकता है मैं भी चला जाऊं, क्योंकि मैं उनका नंबर वन टारगेट हूँ।" ट्रंप ने ये भी दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने दिए जाएंगे। साथ में उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में टकराव होता है तो वो लंबा नहीं चलेगा।
सुलेमानी की हत्या के बाद से तनाव
ईरान 2020 से ट्रंप से बदला लेने की बात कहता रहा है। तब ट्रंप ने बगदाद के पास ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी को मारने के लिए ड्रोन हमले की मंजूरी दी थी। अमेरिकी अधिकारियों ने बाद में ईरान से जुड़ी कई साजिशों का भी खुलासा किया था। जुलाई 2024 में बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर हमला भी हुआ था, जिसमें एक गोली उनके कान को छूकर निकली थी।
सीज़फायर खत्म, बातचीत के लिए हामी
इसी बीच ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा कि ईरान ने बातचीत जारी रखने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिका इसके लिए तैयार है। लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि दोनों देशों के बीच का सीज़फायर अब खत्म हो चुका है। ट्रंप नए कहा, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान ने हमसे 'बातचीत' जारी रखने के लिए कहा है। हम इसके लिए तैयार हो गए हैं, लेकिन अमेरिका ने उन्हें साफ-साफ बता दिया है कि सीज़फायर खत्म हो चुका है।" अब देखना होगा कि बातचीत की पहल तनाव कम कर पाती है या ट्रंप की चेतावनी के बाद हालात और बिगड़ते हैं।


