अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एक गंभीर हादसे ने हड़कंप मचा दिया है. एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर मौजूद एक फायर ट्रक से टकरा गया. इस घटना के बाद पूरे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा के मद्देनजर सभी उड़ानों को तुरंत रोक दिया गया. जानकारी के अनुसार, एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 विमान मॉन्ट्रियल से न्यूयॉर्क आ रहा था. जैसे ही विमान रनवे 4 पर उतरने लगा, उसी दौरान उसकी टक्कर एक फायर ट्रक से हो गई.
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुष्टि की है कि यह हादसा लैंडिंग के दौरान हुआ, जिसके बाद तुरंत एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया. शुरुआती फ्लाइट डेटा और ऑडियो रिकॉर्डिंग से यह भी सामने आया है कि टक्कर से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने पायलट और ग्राउंड वाहन दोनों को रुकने के निर्देश दिए थे.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद विमान का अगला हिस्सा ऊपर की ओर उठ गया था. इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. वीडियो में रेस्क्यू टीमों को तेजी से काम करते हुए देखा जा सकता है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थिति कितनी गंभीर थी.
कितने लोग हुए घायल?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं. न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, कम से कम पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. वहीं, विमान में सवार 100 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक घायलों की अंतिम संख्या की पुष्टि नहीं की है. कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया. एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायरफाइटिंग (ARFF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया गया है. जांच एजेंसियां भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं.
एयरपोर्ट बंद, उड़ानों पर असर
इस दुर्घटना के बाद FAA ने ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों को रोक दिया है. अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सुरक्षा और जांच प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है. FAA के अनुसार, एयरपोर्ट कुछ समय तक बंद रह सकता है और इसे कब तक खोला जाएगा, इस पर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. पायलटों को जारी निर्देशों में कहा गया है कि एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद रखा जा सकता है. First Updated : Monday, 23 March 2026