ईरान ने असीम मुनीर की खोल दी पोल! पकिस्तान पर 'डबल गेम' खेलने का लगाया आरोप
पकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ईरान ने उल्टे पकिस्तान को ही 'डबल गेम' खेलने का आरोप लगा दिया है.

नई दिल्ली: ईरान और पाकिस्तान के रिश्तों में एक नया तनाव सामने आया है. ईरानी सरकारी मीडिया ने पाकिस्तान पर खुलकर निशाना साधते हुए उस पर “डबल गेम” खेलने का आरोप लगाया है. खास बात यह है कि इस बार आलोचना सीधे पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को लेकर की गई है.
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है.
पाकिस्तान पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप
ईरान का कहना है कि पाकिस्तान एक तरफ अमेरिका से करीबी बनाए हुए है, वहीं दूसरी ओर तेहरान के साथ भी संपर्क में है. ईरानी मीडिया ने इसे दोहरा रवैया बताते हुए कहा कि पाकिस्तान खुद को निष्पक्ष दिखा रहा है, लेकिन असल में वह अमेरिका के पक्ष में काम कर रहा है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने अपनी औपचारिक वार्ता योजना पाकिस्तान के जरिए अमेरिका तक पहुंचाई थी, लेकिन अब तक उस पर कोई जवाब नहीं मिला है. इससे तेहरान में नाराजगी बढ़ गई है.
जनरल असीम मुनीर भी निशाने पर
ईरानी टीवी डिबेट में पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर का नाम लेकर आलोचना की गई. यह असामान्य माना जा रहा है, क्योंकि आमतौर पर देशों के सैन्य नेतृत्व पर इस तरह सार्वजनिक टिप्पणी कम ही होती है. इससे दोनों देशों के रिश्तों में और तनाव बढ़ सकता है.
🚨 BIG! Iranian state TV hits out at Pakistan, accusing it of a “double game” and targeting Army Chief Asim Munir over a pro-US tilt.
Tehran claims its proposal was routed via Pakistan to the US with no response, while alleging Islamabad is pushing new US-backed demands.
=>… pic.twitter.com/ExVqZ8M099— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) April 22, 2026
अमेरिका-ईरान बातचीत अभी भी अटकी
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिलहाल बेहद नाजुक दौर में है. दोनों देशों ने बातचीत के रास्ते पूरी तरह बंद नहीं किए हैं, लेकिन कई अहम मुद्दों पर दूरी बनी हुई है.
अमेरिका ने संघर्षविराम को फिलहाल अनिश्चित समय के लिए बढ़ाया है और ईरान से एक संयुक्त प्रस्ताव का इंतजार कर रहा है. वहीं ईरान का कहना है कि वह बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन धमकी या दबाव में कोई समझौता नहीं करेगा.
समुद्री नाकेबंदी पर भी विवाद
ईरान ने आरोप लगाया है कि संघर्षविराम के बावजूद अमेरिका ने उसके बंदरगाहों की नौसैनिक घेराबंदी जारी रखी है. तेहरान ने इसे समझौते का उल्लंघन और युद्ध जैसी कार्रवाई बताया है.


