ईरान में ऐतिहासिक जनाजा! मौत के 3 महीने बाद खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए तेहरान में जुटेगी करोड़ों की भीड़

अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार को लेकर ईरान में बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं. तेहरान समेत कई शहरों में शोक जुलूस निकाले जाएंगे और करीब 2 करोड़ लोगों के अंतिम विदाई कार्यक्रम में शामिल होने का अनुमान है.

calender

नई दिल्ली: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को उनकी मौत के तीन महीने बाद सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. 28 फरवरी को निधन के बाद अब ईरान सरकार ने उनके अंतिम संस्कार और जनाजे को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है.

सरकार ने तीन दिनों के राजकीय शोक का भी ऐलान किया है. देशभर में खामेनेई की अंतिम विदाई को लेकर भावुक माहौल देखा जा रहा है. राजधानी तेहरान समेत कई बड़े शहरों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है.

तीन बड़े शहरों में निकलेगा जनाजा

ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, खामेनेई का शोक जुलूस तेहरान, कोम और मशहद जैसे प्रमुख धार्मिक शहरों से होकर गुजरेगा. इन शहरों में बड़े पैमाने पर सार्वजनिक सभाएं और प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सरकार का कहना है कि लाखों लोग अपने पूर्व सर्वोच्च नेता को अंतिम विदाई देने पहुंच सकते हैं. यही वजह है कि प्रशासन भीड़ को संभालने के लिए खास इंतजाम कर रहा है.

तेहरान में 24 घंटे चलेगा मुख्य कार्यक्रम

खामेनेई के अंतिम संस्कार का सबसे बड़ा आयोजन राजधानी तेहरान में होगा. अधिकारियों के अनुसार, यहां मुख्य कार्यक्रम लगातार 24 घंटे तक चल सकता है. तेहरान के डिप्टी मेयर मोहम्मद अमीन तवाकोली-जादेह ने बताया कि राजधानी में भारी भीड़ जुटने की संभावना है. नगर प्रशासन का अनुमान है कि करीब 2 करोड़ लोग अंतिम विदाई कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं.

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. शहर में ट्रैफिक, मेडिकल सुविधाओं और लोगों के ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतिम संस्कार के दौरान पूरे देश में विशेष प्रार्थना सभाएं भी आयोजित होगी. सरकार इसे ईरान के इतिहास के सबसे बड़े सार्वजनिक आयोजनों में से एक मान रही है.

खामेनेई लंबे समय तक ईरान की राजनीति और धार्मिक व्यवस्था के सबसे प्रभावशाली चेहरों में गिने जाते रहे. उनके निधन के बाद देश में शोक और भावनात्मक माहौल बना हुआ है. First Updated : Wednesday, 03 June 2026