अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को आज एक महीना पूरा हो गया है. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हमले और जवाबी हमले जारी हैं. आग अभी भी बुझने का नाम नहीं ले रही है. ईरान ने इजरायल के उत्तरी शहर हाइफा में स्थित ऑयल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला किया. हमले के बाद रिफाइनरी में आग लग गई और आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दिया. इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है.
हाइफा की यह ऑयल रिफाइनरी इस युद्ध में दूसरी बार निशाने पर आई है. ईरान का दावा है कि उसने हाइफा रिफाइनरी को सटीक तरीके से टारगेट किया. इजरायल की अग्निशमन टीम ने तुरंत आग पर काबू पा लिया. हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया कि आग सीधे मिसाइल लगने से लगी या इंटरसेप्टेड मिसाइल के टुकड़ों से. इजरायल के पास कुल सिर्फ दो ऑयल रिफाइनरी हैं, इसलिए यह हमला उसके लिए काफी अहम माना जा रहा है.
ईरान के हमले के साथ ही लेबनान स्थित हिजबुल्ला ने भी इजरायल पर हमला तेज कर दिया. हिजबुल्ला का दावा है कि उसने हाइफा में एक नौसेना अड्डे पर मिसाइलों की बौछार की. दोनों संगठनों के हमलों को मिलाकर इसे डबल अटैक कहा जा रहा है.
हिजबुल्ला ने सैन्य ठिकानों और अन्य जगहों पर भी रॉकेट दागे. यह हमला ऐसे समय में हुआ जब इजरायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र समेत कई पेट्रोकेमिकल प्लांट्स पर हमले किए थे.
इस युद्ध में दोनों पक्ष एक-दूसरे की ऊर्जा और सैन्य सुविधाओं को निशाना बना रहे हैं. ईरान के अंदर भी कई पेट्रोकेमिकल संयंत्रों पर इजरायली हमले हो चुके हैं. मानना है कि हाइफा रिफाइनरी पर हमला इजरायल की ऊर्जा सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है.
फिलहाल इजरायल ने कहा है कि नुकसान सीमित है और आग पर काबू पा लिया गया है. युद्ध के 31 दिन बीतने के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. दोनों तरफ से लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले हो रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है. First Updated : Monday, 30 March 2026