पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर बवाल, लाठीचार्ज और आंसू गैस के बीच बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े छात्र

पटना में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक के विरोध में छात्रों के राजभवन मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई. बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया, जबकि छात्र अपनी मांगों पर डटे रहे.

Yashika Jandwani

पटना: दिल्ली में लगातार नीट पेपर लीक मामले को लेकर चले रहे प्रदर्शन के बीच पटना में भी बुधवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला गया. इस दौरान पुलिस द्वारा छात्रों को जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर रोक लिया गया. वहीं अब पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की खबर सामने आई है. बता दें, इस विरोद्ध प्रदर्शन के जब छात्र आगे बढ़ने पर अड़ गए तो वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज का सहारा लिया गया. 

छात्रों पर किया गया बल का प्रयोग 

जानकारी के अनुसार, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र राजभवन की ओर मार्च कर रहे थे. पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर पर रोकने की कोशिश की और शांतिपूर्वक वापस लौटने की अपील की. हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे. इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद बल प्रयोग किया गया.

सरकार के खिलाफ हुई नारेबाजी 

पुलिस कार्रवाई के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. कुछ देर बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए. वहां भी पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की. वाटर कैनन और आंसू गैस के साथ पुलिस लगातार छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास करती रही. 

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की हो रही मांग 

प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में है. इसके साथ ही वे NEET समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं. प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं.

अपनी मांग पर अड़े छात्र 

इस बीच प्रदर्शन के दौरान पटना रेंज के आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी पर भी हमला हुआ, जिसमें वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया. उस समय वाहन में पुलिसकर्मी मौजूद थे. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. प्रशासन की ओर से लगातार लाउडस्पीकर के जरिए छात्रों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन समाप्त कर लौटने की अपील की जा रही है लेकिन प्रदर्शनकारी भी अपनी मांगों पर अड़े हुए है. फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. 

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो