पटना के मनेर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को मिली बम से उड़ाने की धमकी, इलाके में मचा हड़कंप
बिहार की राजधानी पटना में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब मनेर स्थित उप डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को भी धमकी भरा ईमेल मिला है. ईमेल मिलते ही स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मनेर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची.

पटना: बिहार की राजधानी पटना में सुरक्षा एजेंसियां एक बार फिर अलर्ट पर हैं. बता दें, सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब मनेर स्थित उप डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को भी धमकी भरा ईमेल मिला है. ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली करा दिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी.
आधिकारिक मेल पर भेजी गई धमकी
जानकारी के अनुसार, डाक अधीक्षक (पासपोर्ट) के आधिकारिक ईमेल पते पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया. संदेश में धार्मिक भावना से जुड़ा दावा करते हुए कार्यालय में साइनाइड गैस छोड़ने और परिसर को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई. ईमेल मिलते ही स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मनेर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची.
इलाके की हुई घेराबंदी
सुरक्षा के मद्देनजर सबसे पहले कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पूरे परिसर को सील कर तलाशी अभियान शुरू किया गया. इसके साथ ही किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई और आसपास भी सतर्कता बढ़ा दी गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी मौके पर बुलाया गया. विशेषज्ञ टीम पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मौजूद न हो. फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
धमकी भरे ईमेल का पता लगाने में जुटी साइबर टीम
वहीं, पुलिस की साइबर टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. ईमेल की तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदेश किस स्थान और किस डिवाइस से भेजा गया इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई संगठित साजिश है.
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.


