CJP प्रोटेस्ट में बवाल, कई पुलिसकर्मी घायल, हिंसा और तोड़फोड़ पर होगी दर्ज होगी FIR

दिल्ली में CJP प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पथराव के बाद दिल्ली पुलिस कई एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है. पुलिस के मुताबिक, हिंसक झड़पों में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान सामने आई अलग-अलग घटनाओं को लेकर कई एफआईआर दर्ज की जाएंगी. इनमें पथराव, पुलिसकर्मियों पर हमला, सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप शामिल किए जाएंगे.

कई पुलिसकर्मी हुए घायल 

जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर हालात तनावपूर्ण हो गए थे. पुलिस का कहना है कि भीड़ के एक हिस्से ने हिंसक रुख अपनाया, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मुश्किलें आईं. इस दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए. वहीं सभी घायल कर्मियों का प्राथमिक उपचार कराया गया है और उनकी चिकित्सकीय जांच भी कराई जा रही है.

वाहनों की हुई तोड़फोड़ 

पुलिस के अनुसार, संसद मार्ग थाना क्षेत्र और उसके आसपास कई वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं. इतना ही नहीं प्रदर्शन के दौरान निजी और सरकारी दोनों तरह के वाहनों को नुकसान पहुंचने की सूचना है. इन मामलों की जांच के लिए पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो समेत अन्य रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है, ताकि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा सके.

पुलिस कर रही जांच 

सूत्रों का कहना है कि घटनास्थल से कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अगर जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उन्हें भी नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी. 

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े अलग-अलग मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जाएंगी. पथराव, पुलिस पर हमला, वाहनों में तोड़फोड़ और अन्य हिंसक गतिविधियों से संबंधित मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो