CJP प्रदर्शनकारियों के लिए Zomato-Swiggy पर लगातार हो रहे फूड ऑर्डर, बारिश में खाना लेकर पहुंचा डिलीवरी पार्टनर का वीडियो वायरल
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP प्रदर्शन के दौरान देशभर से लोग Zomato और Swiggy के जरिए प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन भेज रहे हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच एक अलग तस्वीर सामने आई है. प्रदर्शन स्थल पर हर कुछ मिनट में ऑनलाइन फूड डिलीवरी पहुंच रही है. बताया जा रहा है कि देश के अलग-अलग शहरों से लोग Zomato और Swiggy के जरिए खाना ऑर्डर कर रहे हैं. इन ऑर्डर का उद्देश्य किसी एक व्यक्ति तक खाना पहुंचाना नहीं, बल्कि वहां मौजूद जरूरतमंद या भूखे प्रदर्शनकारियों तक भोजन पहुंचाना बताया जा रहा है.
देशभर से भेजे जा रहे हैं फूड ऑर्डर
जानकारी के अनुसार, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, जयपुर समेत कई शहरों से लोग ऑनलाइन खाना बुक कर रहे हैं. डिलीवरी एड्रेस में केवल जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल का उल्लेख किया जा रहा है और डिलीवरी पार्टनर से अनुरोध किया जा रहा है कि भोजन वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों को दे दिया जाए.
इन ऑर्डर में पिज्जा, बर्गर, बिरयानी, मोमोज, थाली, चाय और अन्य खाद्य सामग्री शामिल है. इससे प्रदर्शन स्थल पर लगातार खाने के पैकेट पहुंचते दिखाई दे रहे हैं.
बारिश में डिलीवरी करने वाला वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेज बारिश के बीच एक फूड डिलीवरी पार्टनर जंतर-मंतर पर भोजन पहुंचाता नजर आ रहा है. वीडियो में वह बताता है कि यह ऑर्डर मुंबई के एक व्यक्ति ने कराया है और निर्देश दिया गया है कि भोजन किसी भी जरूरतमंद प्रदर्शनकारी को दे दिया जाए.
This is the India we refuse to lose 🥹❤️
— Siddharth (@SidKeVichaar) July 21, 2026
People sitting miles away are ordering food through Zomato and Swiggy, asking delivery partners to feed hungry protesters at Jantar Mantar
That is the Idea of India 🇮🇳 pic.twitter.com/xu49GJNmJM
मौके पर मौजूद स्वयंसेवकों ने भोजन भेजने वाले व्यक्ति का आभार जताया और खराब मौसम में डिलीवरी पूरी करने वाले डिलीवरी पार्टनर की भी सराहना की.
CJP ने किया निवेदन
CJP ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए निवेदन किया है कि आज के लिए उनके पास पर्याप्त खाना है, और न भेजें.
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
इस पहल को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. कुछ लोगों ने इसे दूर बैठे लोगों द्वारा मानवीय सहयोग का उदाहरण बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अच्छी पहल कहा. वहीं, अलग-अलग विचार रखने वाले लोगों ने इस विषय पर अपनी-अपनी राय भी साझा की.
क्या है पूरा मामला?
CJP ने NEET-UG 2026 परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर से संसद मार्च का आह्वान किया था. आंदोलन के दौरान कई प्रदर्शनकारी लगातार धरने पर बैठे हुए हैं. इसी बीच देश के विभिन्न हिस्सों से ऑनलाइन फूड ऑर्डर भेजे जाने की घटनाएं चर्चा का विषय बन गई हैं.
फिलहाल, प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रमों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है. वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और ऑनलाइन भोजन भेजने की पहल ने इस आंदोलन को एक नया आयाम दे दिया है.


