भारत की एक यूट्यूबर और ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा को लेकर हर दिन नई जानकारियाँ सामने आ रही हैं. उन्हें हाल ही में खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों द्वारा जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था. अब एक नया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने इस प्रकरण को और अधिक जटिल बना दिया है. वीडियो में ज्योति को पाकिस्तान के लाहौर स्थित अनारकली बाजार में घूमते हुए देखा जा सकता है, जहां उनके चारों ओर AK-47 राइफल से लैस छह हथियारबंद सुरक्षा कर्मी नजर आते हैं.
यह वीडियो एक स्कॉटिश यूट्यूबर द्वारा शूट किया गया था, जिसमें देखा गया कि ज्योति के साथ छह से सात सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं, जो उन्हें किसी वीआईपी व्यक्ति की तरह सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं. ये लोग अर्ध-आधिकारिक कपड़ों में नजर आते हैं और उनके पास आधुनिक हथियार भी मौजूद हैं. इस दृश्य ने ये सवाल खड़ा कर दिया है कि एक आम ट्रैवल व्लॉगर को आखिर इतनी सुरक्षा की ज़रूरत क्यों पड़ रही है.
कैलम मिल, जो "कैलम अब्रॉड" नामक यूट्यूब चैनल चलाते हैं, मार्च 2025 में पाकिस्तान यात्रा पर थे. लाहौर के अनारकली बाजार में शूट किए गए उनके वीडियो में ज्योति मल्होत्रा भी कैमरे में नजर आती हैं. कैलम जब ज्योति से बातचीत करता है, तो वह बताती हैं कि वह भारत से हैं. दोनों के बीच एक सामान्य बातचीत होती है जिसमें पाकिस्तान के आतिथ्य पर चर्चा की जाती है.
कैलम बाद में वीडियो में यह कहते हुए दिखाई देते हैं कि, "मुझे नहीं पता कि इतनी बंदूकों की ज़रूरत क्यों है. उसके चारों तरफ छह हथियारबंद लोग हैं." यह कथन स्पष्ट रूप से उनकी हैरानी को दर्शाता है. ज्योति के साथ मौजूद अन्य कुछ लोग पर्यटक प्रतीत हो रहे थे, लेकिन उनकी भूमिका भी सवालों के घेरे में है.
इस वीडियो के सामने आने के बाद ज्योति मल्होत्रा के पाकिस्तान में कथित नेटवर्क और उनकी उपस्थिति को लेकर नई अटकलें लगाई जा रही हैं. सवाल उठ रहे हैं कि क्या वे वाकई में केवल एक ट्रैवल व्लॉगर हैं या उनके पास कोई छुपा एजेंडा है? अगर वे एक साधारण नागरिक हैं, तो फिर पाकिस्तान जैसे देश में उन्हें इतनी VIP सुरक्षा क्यों दी जा रही है?
इसके अलावा, यह भी स्पष्ट नहीं है कि जिन लोगों ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रखी थी, वे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के सदस्य थे या किसी निजी सुरक्षा एजेंसी से जुड़े लोग. इस तरह की स्थिति ने सुरक्षा व्यवस्था और उनके असली उद्देश्य को लेकर कई संदेहों को जन्म दिया है.
भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक तनाव को देखते हुए यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है. एक भारतीय नागरिक का पाकिस्तान में इस प्रकार का "विशेष व्यवहार" मिलना और फिर उसे भारत में जासूसी के आरोप में पकड़ा जाना, दोनों देशों के बीच डिप्लोमैटिक तनाव को बढ़ा सकता है. First Updated : Monday, 26 May 2025