इमरान खान की तबियत को लेकर बड़ा खुलासा, वकील ने अदालत में लगाई रिहाई की गुहार

जेल में बंद इमरान खान की सेहत लगातार खराब हो रही है. उनके वकील ने अदालत में उनकी आंखों की रोशनी घटने और खराब जेल हालात का मुद्दा उठाया है. इसके साथ ही बिगड़ती स्वास्थ्य का हवाला देते हुए रिहाई की गुहार लगाई है.

Shraddha Mishra

पाकिस्तान की सियासत के बड़े चेहरे और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान एक बार फिर अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं. जेल में बंद इमरान खान ने अपनी बिगड़ती हालत और खराब परिस्थितियों का हवाला देते हुए अदालत से रिहाई की गुहार लगाई है. उनके वकील ने कोर्ट में जो जानकारी दी, उसने मामला और गंभीर बना दिया है.

इस्लामाबाद हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान इमरान खान के वकील सलमान सफदर ने बताया कि उनकी आंखों की रोशनी काफी हद तक कमजोर हो चुकी है. उनके मुताबिक, अब इमरान खान की केवल 15 प्रतिशत नजर ही बची है, यानी वे अपनी 85 प्रतिशत दृष्टि खो चुके हैं. वकील ने कहा कि यह स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और इसका बड़ा कारण जेल में लंबे समय तक अकेले रहना और आंखों का संक्रमण है.

क्या वापस आ सकती है आंखों की रोशनी?

वकील ने अदालत में यह भी दावा किया कि डॉक्टरों के अनुसार इमरान खान की आंखों की हालत अब ऐसी हो चुकी है कि उसे पूरी तरह ठीक करना संभव नहीं है. यानी उनकी दृष्टि में जो कमी आई है, वह स्थायी हो सकती है. यह बात अदालत में काफी गंभीरता से उठाई गई.

एकांत कारावास पर उठाए सवाल

सुनवाई के दौरान वकील ने जेल प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने पूछा कि इमरान खान और उनकी पत्नी को एकांत कारावास (Solitary Confinement) में क्यों रखा जा रहा है. उनका कहना था कि यह स्थिति उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रही है.

पूरा मेडिकल रिकॉर्ड पेश करने की अपील

वकील ने यह भी बताया कि इमरान खान को कई बार अस्पताल ले जाना पड़ा, क्योंकि अडियाला जेल में उचित इलाज की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. उन्होंने अदालत से मांग की कि संबंधित जेल अधिकारियों- आईजी, अधीक्षक और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट को तलब किया जाए. साथ ही, अस्पताल से पूरा मेडिकल रिकॉर्ड पेश करने की भी अपील की गई.

सुनवाई के दौरान इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सरफराज डोगर ने वकील को मुख्य अपील पर ध्यान केंद्रित करने को कहा. हालांकि, वकील ने जोर देकर कहा कि पहले सजा को निलंबित करने की याचिका पर फैसला होना चाहिए. फिलहाल, अदालत ने इस मामले की सुनवाई को स्थगित कर दिया है.

क्या है पूरा मामला?

इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी 190 मिलियन पाउंड के कथित भ्रष्टाचार मामले, जिसे अल-कादिर ट्रस्ट केस कहा जाता है, में जेल में बंद हैं. आरोप है कि उन्होंने एक रियल एस्टेट कारोबारी से बड़ी मात्रा में जमीन हासिल की. राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (NAB) के अनुसार, ब्रिटेन से लौटे धन को सरकारी खजाने में जमा करने के बजाय उस पैसे का इस्तेमाल कारोबारी के जुर्माने को चुकाने में किया गया.

इसके बदले में खान के ट्रस्ट को दान मिला. इसी मामले में अदालत ने इमरान खान को 14 साल और बुशरा बीबी को 7 साल की सजा सुनाई है. अब उनकी सेहत को लेकर उठ रहे सवाल इस पूरे मामले को एक नया मोड़ दे रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो