सीजफायर के बीच तेहरान में जोरदार धमाका, एयर डिफेंस सिस्टम जैसी सुनाई दी आवाजें
तेहरान में सुबह-सुबह अचानक कई जोरदार धमाकों की गूंज सुनाई दी. लोग हैरान रह गए, कईयों ने इसे एयर डिफेंस सिस्टम की आवाज बताया. यह घटना ठीक उसी समय हुई, जब सीजफायर बढ़ाया गया है और अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत की कोशिशें जोरों पर हैं.

तेहरान में गुरुवार तड़के कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे ईरान की राजधानी में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों और रिपोर्ट्स के अनुसार, शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कम से कम पांच धमाके हुए. कई नागरिकों ने दावा किया कि ये आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम के सक्रिय होने जैसी थीं.
यह घटना उस समय हुई जब अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते का सीजफायर खत्म होने वाला था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे बढ़ा दिया है. फिर भी जमीनी स्तर पर तनाव पूरी तरह कम नहीं हुआ है. अभी तक धमाकों की वजह को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
तेहरान में धमाकों की खबर
ईरानी मीडिया और स्थानीय लोगों के मैसेज के मुताबिक, पूर्वी तेहरान के परदिस इलाके में सुबह करीब 2:50 बजे पहली धमाके की आवाज सुनाई दी. इसके बाद पश्चिमी हिस्से, खासकर चिटगर इलाके से भी लगातार धमाकों की रिपोर्ट्स आईं. कई लोगों ने बताया कि ये आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम के एक्टिव होने जैसी थीं. हालांकि, इन धमाकों के पीछे की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत अनिश्चित
अमेरिका और ईरान के बीच चल रही कूटनीतिक प्रक्रिया अभी भी अनिश्चित बनी हुई है. खबरें थीं कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वार्ता टीम की अगुवाई करते हुए इस्लामाबाद जाने वाले थे, लेकिन ईरान की तरफ से पुख्ता सहमति न मिलने के कारण उनका दौरा रद्द हो गया.
व्हाइट हाउस का बयान
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिका चाहता है कि ईरान की तरफ से एक साफ और एकजुट जवाब आए, ताकि बातचीत आगे बढ़ सके. उन्होंने यह भी साफ किया कि सीजफायर को खत्म करने के लिए कोई तय समयसीमा अभी तय नहीं की गई है.
ट्रंप ने सीजफायर को बढ़ाया
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका ने ईरान को 3 से 5 दिन का समय दिया है, ताकि वह अपने अंदरूनी मतभेद सुलझाकर एक स्पष्ट प्रस्ताव पेश कर सके. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो सीजफायर टूटने का खतरा बढ़ सकता है.ट्रंप ने ईरान सीजफायर को किया एक्सटेंडये धमाके ऐसे वक्त में हुए हैं जब कूटनीतिक स्तर पर हलचल तेज है, लेकिन जमीनी हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं. होर्मुज स्ट्रेट पर पाबंदी जारी है और इसे खोलने के लिए ट्रंप लगातार ईरान पर दबाव बनाए हुए हैं.


