न्यू मैक्सिको में रहस्यमयी पदार्थ से हड़कंप, 3 लोगों की मौत; कई इमरजेंसी कर्मी क्वारंटाइन
अमेरिका के न्यू मैक्सिको में एक रहस्यमयी पदार्थ के संपर्क में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई इमरजेंसी कर्मियों को क्वारंटाइन में रखा गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और हज़मैट टीमें जांच में जुटी हैं.

नई दिल्ली: अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य में एक रहस्यमयी पदार्थ के संपर्क में आने से हड़कंप मच गया है. ग्रामीण इलाके में स्थित एक घर में संदिग्ध ड्रग ओवरडोज की सूचना मिलने के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा, जहां चार लोग बेहोश मिले. इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घटना के बाद बचाव कार्य में जुटे कई आपातकालीन कर्मियों को भी अज्ञात पदार्थ के संपर्क में आने की आशंका के चलते क्वारंटाइन में रखा गया. अधिकारियों के अनुसार, कई कर्मियों को मतली और चक्कर आने जैसे लक्षण महसूस हुए, जिसके बाद उन्हें तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया.
घर के अंदर बेहोश मिले थे चार लोग
न्यू मैक्सिको राज्य पुलिस के मुताबिक, यह घटना अल्बुकर्क के पूर्व में स्थित एक ग्रामीण इलाके की है. अधिकारियों को एक घर में संभावित ड्रग ओवरडोज की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर चार लोग बेहोशी की हालत में पाए गए. इनमें से तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चौथे व्यक्ति को इलाज के लिए अल्बुकर्क के अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बचाव कर्मियों में दिखे मतली और चक्कर के लक्षण
अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव अभियान के दौरान कुछ आपातकालीन कर्मी भी संदिग्ध पदार्थ के संपर्क में आ गए. इसके बाद उन्हें मतली, चक्कर और असहजता जैसे लक्षण महसूस होने लगे.
न्यू मैक्सिको विश्वविद्यालय अस्पताल ने पुष्टि की कि कुल 23 लोगों को जांच और डी-कंटैमिनेशन प्रक्रिया के लिए अस्पताल लाया गया था. इनमें अधिकतर आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारी थे. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अधिकांश लोगों में गंभीर लक्षण नहीं पाए गए और उन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई.
दो इमरजेंसी कर्मियों की हालत गंभीर
न्यू मैक्सिको राज्य पुलिस के अधिकारी विल्सन सिल्वर ने बताया कि दो आपातकालीन कर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं, बुधवार शाम तक मेडिकल टीमें तीन लक्षणग्रस्त मरीजों की निगरानी कर रही थीं.
हजमैट टीम कर रही पदार्थ की जांच
अल्बुकर्क फायर रेस्क्यू की हजमैट टीमों को मौके पर तैनात किया गया है. टीमें उस पदार्थ की पहचान करने में जुटी हैं, जिसके संपर्क में आने से यह घटना हुई.
विल्सन सिल्वर ने कहा, "फिलहाल, जांचकर्ताओं का मानना है कि यह पदार्थ संपर्क के माध्यम से फैल सकता है और हवा के माध्यम से नहीं फैलता है."
जांच जारी रहने के बीच माउंटेनएयर के मेयर पीटर नीटो ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि शुरुआती संकेत यह बताते हैं कि घर में हुई मौतों के पीछे ड्रग्स संभावित कारण हो सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता के लिए फिलहाल कोई खतरा नहीं है.


