Nepal: काठमांडू में कर्फ्यू खत्म, 5 मार्च 2026 से पहले होंगे आम चुनाव, सुशीला कार्की से मिले भारतीय राजदूत
नेपाल में अंतरिम सरकार के गठन के बाद हालात अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं. राजधानी काठमांडू में शांति का माहौल लौटने लगा है और आज सुबह 5 बजे से कर्फ्यू को पूरी तरह हटा लिया गया है. शहर में जिंदगी फिर से रफ्तार पकड़ रही है और लोग उम्मीद के साथ नए दिन का स्वागत कर रहे हैं.

Nepal Elections 2026: नेपाल की राजधानी काठमांडू से बड़ी खबर सामने आई है. देश में लंबे समय से जारी अस्थिरता के बीच अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं. सेना द्वारा लगाए गए कर्फ्यू को हटा लिया गया है. साथ ही अंतरिम प्रधानमंत्री के तौर पर सुशीला कार्की के शपथ ग्रहण के साथ ही देश में राजनीतिक प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं. भारत ने भी नेपाल के इस नए राजनीतिक अध्याय में सहयोग का भरोसा दिलाया है. आइए जानते हैं नेपाल की मौजूदा स्थिति जानते हैं.
सेना ने लिया फैसला
नेपाल की राजधानी काठमांडू में बीते दिनों हिंसा और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच सेना ने कर्फ्यू लागू की थी. लेकिन अब, स्थिति सामान्य होने के बाद सेना ने 13 सितंबर सुबह 5 बजे से कर्फ्यू हटाने का निर्णय लिया है. हालांकि, सेना की उपस्थिति सड़कों पर कुछ और दिनों तक बनी रह सकती है ताकि हालात पूरी तरह से नियंत्रण में रहें.
कब तक होंगे आम चुनाव
नेपाल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को फिर से सक्रिय करते हुए राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफारिश पर प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया है. अब 5 मार्च 2026 से पहले देश में आम चुनाव कराए जाएंगे. यह निर्णय नेपाल में स्थायित्व और सुशासन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
प्रधानमंत्री सुशीला कार्की
नेपाल की सुप्रीम कोर्ट की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को देश की अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है. राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में उन्होंने शपथ ली. यह पहली बार है जब नेपाल को महिला अंतरिम प्रधानमंत्री मिली हैं, जिससे देश में एक नया राजनीतिक इतिहास भी रचा गया है.
भारत के राजदूत ने दी बधाई
शपथग्रहण के बाद नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से भेंट कर उन्हें बधाई दी. यह मुलाकात करने वाले पहले विदेशी राजनयिक बने. उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुशीला कार्की को उनकी नियुक्ति पर बधाई और शुभकामनाएं भेजी हैं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि नेपाल इस संकटपूर्ण समय से बाहर निकलने के लिए भारत से बहुत बड़ी मदद की अपेक्षा करता है. मुझे विश्वास है कि भारत हमेशा की तरह नेपाल की जनता के हित में सहयोग जारी रखेगा.
भारत-नेपाल के साथ
राजदूत श्रीवास्तव ने भी भरोसा दिलाया कि भारत नेपाल के हर प्रयास में साथ खड़ा रहेगा. उन्होंने कहा कि भारत नेपाल के पुनर्निर्माण, चुनाव और विकास की हर प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग देगा. हम अंतरिम सरकार के साथ मिलकर देश के सभी क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए तैयार हैं.
नेपाल में जारी राजनीतिक अस्थिरता के बीच कर्फ्यू हटना, अंतरिम सरकार का गठन और आगामी चुनाव की घोषणा देश के लिए राहत भरी खबर है. भारत के सहयोग का वादा दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को और गहराने वाला साबित हो सकता है.


