कुछ इंच दूर थी जमीन, फिर भी कंट्रोल खो गया हेलीकॉप्टर...नेपाल में हुए भयावह दुर्घटना का वीडियो आया सामने
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हुई दुर्घटना का शिकार हो गया. यह घटना नेपाल का है, जहां लैंडिंग के समय अचानक से हेलीकॉप्टर लड़खड़ा गई.

नई दिल्ली: नेपाल के खोतांग जिले में बुधवार को एक हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हुई दुर्घटना ने सबको चौंका दिया है. काठमांडू से आ रहा एयर डायनेस्टी का हेलीकॉप्टर खेत में उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यह पूरा भयावह दृश्य कैद हो गया है.
हेलीकॉप्टर 11 बजे काठमांडू से हुआ रवाना
हेलीकॉप्टर फ्लाइट 9N-AFQ सुबह करीब 11 बजे काठमांडू से रवाना हुआ था. इसमें पांच यात्री और चालक दल सवार थे. यह एक शव को खोतांग ले जा रहा था, ताकि परिवार अंतिम संस्कार कर सके. बालाबेसी के पहाड़ी इलाके में खेत में लैंडिंग की तैयारी हो रही थी.
वीडियो में साफ दिखता है कि हेलीकॉप्टर जमीन से कुछ इंच ऊपर था. अचानक यह पलट गया, लुढ़कने लगा और उसकी पूंछ पहाड़ की दीवार से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि हेलीकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. लोग तुरंत दौड़कर बचे हुए यात्रियों को बाहर निकालने लगे.
Helicopter operated by Air Dynasty Heli Service Pvt. Ltd. crashes while landing in Khotang; one passenger injured, pilot and others safe.
— Smriti Sharma (@SmritiSharma_) March 18, 2026
Preliminary cause suspected to be strong winds or dust.#Nepal pic.twitter.com/au6YRncx8U
सभी यात्री बाल-बाल बचे
इस दुर्घटना में कोई बड़ी जानमाल की हानि नहीं हुई. सिर्फ एक यात्री को पैर में मामूली चोट आई. बाकी यात्री, पायलट समेत सभी सुरक्षित रहे. घायल व्यक्ति को कंपनी के दूसरे हेलीकॉप्टर (9N-ANA) से काठमांडू ले जाया गया.
खोतांग की मुख्य जिला अधिकारी रेखा कंदेल ने बताया कि हेलीकॉप्टर खेत में उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसमें एक शव था और कोई हताहत नहीं हुआ. नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने भी इसकी पुष्टि की.
संभावित कारण और जांच
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेज हवाएं या लैंडिंग के समय उड़ी धूल ने दृश्यता प्रभावित की हो सकती है. पहाड़ी इलाके में लैंडिंग हमेशा चुनौतीपूर्ण होती है. कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि पायलट और अन्य यात्री सुरक्षित हैं. पूरी घटना की जांच चल रही है.
यह दुर्घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हेलीकॉप्टर उड़ान कितनी जोखिम भरी हो सकती है. फिर भी, सभी के सुरक्षित बच निकलना राहत की बात है.


