ऑपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाया पाकिस्तान, मारे गए आतंकियों को देगा मुआवजे, मसूद के परिवार को मिलेगा 14 करोड़ रुपये

भारत के ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुए आतंकी ठिकानों को दोबारा बसाने और मारे गए आतंकियों के परिवारों को मोटा मुआवजा देने का ऐलान कर पाकिस्तान ने एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी आतंकी सोच उजागर कर दी है. जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के परिवार के 14 आतंकियों की मौत के बाद उसके परिवार को 14 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान के आतंकी मंसूबों को बुरी तरह ध्वस्त कर दिया, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान सुधरने को तैयार नहीं है. आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर झूठी बातें करने वाली शहबाज शरीफ सरकार ने अब एक और शर्मनाक फैसला लेते हुए आतंकियों के परिवारों को मोटा मुआवजा देने और नष्ट किए गए आतंकी कैंपों को फिर से बसाने की घोषणा की है.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने खुद फेसबुक पोस्ट के जरिए यह एलान किया कि ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए आतंकियों के परिवारों को करोड़ों की आर्थिक मदद दी जाएगी. साथ ही, भारत द्वारा तबाह किए गए आतंकी अड्डों को दोबारा खड़ा किया जाएगा. यह खुलासा उस पाकिस्तान की असलियत उजागर करता है, जो दुनिया के सामने खुद को आतंकवाद का पीड़ित बताता है.

मसूद अजहर के परिवार को मिलेगा 14 करोड़ का मुआवजा

ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के परिवार के 14 आतंकियों को मार गिराया था. इसके बाद अब पाकिस्तान सरकार ने तय किया है कि मसूद के परिवार को कुल 14 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगे. पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि ये सरकार की जिम्मेदारी है कि हम हमलों में मारे गए लोगों के घर बनवाएं और उनके बच्चों का ख्याल रखें. सरकार ये जिम्मेदारी पूरी करेगी. हालांकि, जिन "लोगों" की बात शहबाज शरीफ कर रहे हैं, वो कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि प्रशिक्षित आतंकी थे, जो भारत के खिलाफ हमले की साजिश रच रहे थे.

फिर से बनाए जाएंगे आतंकी ठिकाने

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने 6-7 मई की रात पाकिस्तान में स्थित जैश, लश्कर और हिज्बुल जैसे संगठनों के कुल 9 आतंकी अड्डों को सटीक हमले में तबाह कर दिया था. ये वही ठिकाने थे, जहां से भारत पर आतंकी हमलों की योजना बनाई जाती थी. अब पाकिस्तान सरकार ने इन कैंपों को दोबारा स्थापित करने की घोषणा की है. साथ ही, मारे गए आतंकियों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये और घायल आतंकियों को 10 से 20 लाख रुपये तक का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है.

भारतीय जवाब से बौखलाया पाकिस्तान

आतंकी ठिकानों के नष्ट होने के बाद पाकिस्तान ने बौखलाहट में भारत के कई शहरों के सैन्य ठिकानों पर हमला करने की नाकाम कोशिश की, लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें नाकाम कर दिया. भारतीय जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 11 सैनिक मारे गए और 78 घायल हुए.

पाक सैनिकों के लिए भी खुला खजाना

पाकिस्तान सरकार ने मारे गए सैनिकों के लिए भी बड़ी मुआवजा योजना की घोषणा की है. उनके परिवारों को उनकी रैंक के अनुसार 1 से 1.8 करोड़ रुपये तक का मुआवजा मिलेगा.

रिटायरमेंट की तारीख तक पूरी सैलरी और भत्ता

बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च

एक बेटी की शादी के लिए 10 लाख रुपये

घायल सैनिकों को 20 से 50 लाख रुपये का मुआवजा

घर खरीदने के लिए 1.9 से 4.2 करोड़ रुपये तक की सहायता

पाकिस्तान की नीति पर उठे सवाल

शहबाज शरीफ सरकार के इन फैसलों से साफ है कि पाकिस्तान की नीतियां अब भी आतंकियों को बढ़ावा देने वाली हैं. अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खुद को शांति पसंद देश बताने वाला पाकिस्तान, अंदर ही अंदर आतंकवाद को पोषित करने में जुटा है.अब सवाल यह उठता है कि क्या अंतरराष्ट्रीय बिरादरी पाकिस्तान की इस असलियत को नजरअंदाज करती रहेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag