Pakistan Hijack Jaffar Express: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक बार फिर हिंसा का मामला सामने आया है, जब बलूच लिब्रेशन आर्मी (BLA) ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया. हमले के दौरान ट्रेन में 450 से अधिक यात्री सवार थे. यह घटना बलूचिस्तान के बोलान जिले के मस्काफ इलाके में हुई, जब ट्रेन सुरंग में प्रवेश कर रही थी. आतंकवादियों ने ट्रैक पर विस्फोटक से धमाका किया, जिससे ट्रेन रुक गई और फिर उन्होंने ट्रेन के इंजन पर गोलीबारी की, जिससे ड्राइवर घायल हो गया.
हमलावरों ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को रोकने के बाद 200 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया. बंधकों में पाकिस्तान के कई सैनिक भी शामिल थे. BLA ने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तानी सेना ने ऑपरेशन करने की कोशिश की तो सभी बंधकों को मार दिया जाएगा. इस घटना के बाद पाकिस्तान की सुरक्षा बलों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी और बलूचिस्तान प्रशासन ने सुरक्षा बलों को भेजने की कोशिश की.
जाफर एक्सप्रेस रोजाना क्वेटा और पेशावर के बीच 1,632 किलोमीटर का सफर तय करती है और इसमें 34 घंटे से अधिक का समय लगता है. इस ट्रेन के हाईजैक के बाद BLA ने दावा किया कि उनका मकसद बलूचिस्तान की स्वतंत्रता या स्वायत्तता है, जिसे वे पाकिस्तान से अलग समझते हैं. बीएलए ने अपनी मांगों में पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों को बलूचिस्तान से बाहर करने की बात की है.
BLA का यह हमला कोई नया नहीं है. इससे पहले भी बीएलए ने पाकिस्तान के खिलाफ कई हमले किए हैं, जैसे चीन के इंजीनियरों को निशाना बनाना और पाकिस्तान के राजनयिकों पर हमले करना. बलूच लोग चीन के CPEC प्रोजेक्ट का भी विरोध करते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि इन प्रोजेक्ट्स से उनके खनिज संसाधनों का दोहन हो रहा है और समुदाय के लोग विस्थापित हो रहे हैं.
2 मार्च को बलूचिस्तान के विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर बलूच नेशनल आर्मी का गठन करने का ऐलान किया था, जिसका उद्देश्य बलूचिस्तान को पूर्ण स्वतंत्रता दिलाना है. बीएलए ने कहा है कि उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक उन्हें उनकी मांगें नहीं मिल जातीं. First Updated : Tuesday, 11 March 2025