‘हिंदुस्तान वालों मिट जाओगे’, US में पाकिस्तानी नेता ने उगला जहर, बयान से मचा तूफान
अमेरिका के न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के सीनेटर राणा महमूद-उल-हसन ने भारत के खिलाफ जमकर जहर उगला. करीब एक घंटे के भाषण में उन्होंने भारत को इतिहास से मिटाने जैसी भड़काऊ और विवादित धमकियां देकर माहौल गरमा दिया.

नई दिल्ली: पाकिस्तान की राजनीति में भारत विरोधी बयानबाजी कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार यह मानसिकता अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुलकर सामने आई है. पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के सीनेटर राणा महमूद-उल-हसन ने अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारत के खिलाफ बेहद भड़काऊ और विवादित बयान दिए. मारका-ए-हक नामक कार्यक्रम में सीनेटर ने करीब एक घंटे तक भाषण दिया, जिसमें भारत को लेकर तीखी बयानबाजी की गई. अपने संबोधन में उन्होंने परमाणु युद्ध, कश्मीर और भारत के खिलाफ संघर्ष जैसी बातें कहीं, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है.
मंच से भारत को दी खुली धमकी
न्यूयॉर्क में मौजूद पाकिस्तानी प्रवासियों और PPP समर्थकों के सामने राणा महमूद-उल-हसन ने भारत को लेकर आक्रामक बयान दिए. उन्होंने मंच से कहा, न समझोगे तो मिट जाओगे हिंदुस्तान वालों. न समझोगे तो मिट जाओगे हिंदुस्तान वालों. तुम्हारी दास्तां तक न होगी दास्तानों में उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी हलचल देखी गई.
आबादी को लेकर भी की बयानबाजी
अपने भाषण में सीनेटर ने पाकिस्तान की बढ़ती आबादी का जिक्र करते हुए दावा किया कि पाकिस्तान दुनिया का पांचवां सबसे अधिक आबादी वाला देश है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है और आने वाले समय में वह अमेरिका को भी पीछे छोड़ देगा.
भारत के खिलाफ जीत का किया दावा
राणा महमूद-उल-हसन ने अपने संबोधन में भारत के खिलाफ कथित सैन्य और कूटनीतिक सफलता का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, पाकिस्तान ने उनको शिकस्त दी है. उनका गुरूर खाक में मिला दिया. उनका तकब्बुर जमींदोज कर दिया. उनको मुंह छुपाने के लिए जगह नहीं मिली. इस बयान के जरिए उन्होंने पाकिस्तान की कथित जीत का जश्न मनाने की कोशिश की.
कश्मीर मुद्दे पर फिर दोहराया पुराना रुख
सीनेटर ने अपने भाषण में कश्मीर मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा, कश्मीर का मसला जब तक हल नहीं होगा. हम हर मोर्चे पर लड़ेंगे. हर महाज पर जाके. उन्होंने सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर भारत से टकराव जारी रखने की बात कही.
भारत को बताया दुश्मन पड़ोसी
भाषण के दौरान राणा महमूद-उल-हसन ने भारत को दुश्मन हमसाया बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत पाकिस्तान के भीतर बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का समर्थन कर रहा है. हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान की एजेंसियां भारत की हर गतिविधि पर नजर रख रही हैं.
चरमपंथी सोच को बढ़ावा देने वाला बयान
अपने भाषण में सीनेटर ने कहा, जब कुछ न बन सका तो डुबो देंगे नाव. हम लड़ेंगे आखिरी दम तक लड़ेंगे अपने मुल्क के रक्षा के लिए. उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है.


