नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन की यात्रा पर सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया पहुंचे। एयरपोर्ट पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ पैट्रिक हर्मिनी ने प्रोटोकॉल तोड़कर खुद उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने इस गर्मजोशी के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सेशेल्स हिंद महासागर में भारत का अहम समुद्री साझेदार और करीबी दोस्त है। इस यात्रा का मकसद पुराने रिश्तों को और मजबूत करना और दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए सहयोग बढ़ाना है।
पीएम मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा पर हैं। वे सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। साथ ही राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे।
रवाना होने से पहले पीएम ने कहा कि सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी है। यह ‘विजन महासागर’ और ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का प्रमुख साझेदार भी है।
उन्होंने कहा कि इस साल सेशेल्स का राष्ट्रीय दिवस और भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ दोनों खास हैं। दोनों देशों के रिश्ते आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर टिके हैं। पीएम मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे। यह दोनों देशों की मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतीक है।
सेशेल्स के स्वर्ण जयंती समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ी और नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा ले रहे हैं। पीएम मोदी इससे पहले 2015 में सेशेल्स गए थे।
सेशेल्स पश्चिमी हिंद महासागर में 115 द्वीपों का देश है। इसका क्षेत्रफल सिर्फ 455 वर्ग किमी है। यह मेडागास्कर के उत्तर-पूर्व और केन्या से करीब 1600 किमी पूर्व में स्थित है। सफेद रेत वाले बीच, मूंगा चट्टानें और दुर्लभ वन्यजीव इसकी पहचान हैं। हर साल लाखों पर्यटक यहां आते हैं। इसकी राजधानी विक्टोरिया माहे द्वीप पर है।
हिंद महासागर में रणनीतिक स्थिति के कारण सेशेल्स भारत के लिए बेहद जरूरी है। चीन के बढ़ते प्रभाव को संतुलित करने, समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और ब्लू इकोनॉमी को बढ़ावा देने में यह भारत का प्रमुख रक्षा साझेदार है। दोनों देश समुद्री डकैती, अवैध मछली पकड़ने और आतंकवाद रोकने पर मिलकर काम करते हैं।
भारत ने सेशेल्स कोस्ट गार्ड को नौसैनिक जहाज और डोर्नियर विमान दिए हैं। सेशेल्स का एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन बहुत बड़ा है, जो तेल-गैस और समुद्री संसाधनों के लिए अहम है। सेशेल्स की 11% आबादी भारतीय मूल की है, जो रिश्तों को और मजबूत बनाती है। First Updated : Saturday, 27 June 2026