वाशिंगटन डीसी में मेयर के चुनाव में इस बार भारतीय मूल की 31 वर्षीय महिला रिनी संपत ने इतिहास रच दिया है. तमिलनाडु में जन्मी रिनी प्राइमरी चुनाव के बैलेट पेपर पर जगह बनाने वाली पहली दक्षिण एशियाई उम्मीदवार बन गई हैं. डेमोक्रेटिक पार्टी से चुनाव लड़ रही रिनी सरकारी कॉन्ट्रैक्टर हैं और उन्होंने अपना चुनावी अभियान ‘बुनियादी चीजों को ठीक करो’ के थीम पर केंद्रित किया है. रिनी संपत का यह सफर न सिर्फ भारतीय समुदाय के लिए गर्व की बात है, बल्कि अमेरिकी राजनीति में दक्षिण एशियाई प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने वाला भी माना जा रहा है.
रिनी ने अपनी चुनावी वेबसाइट पर लिखा, 'मैं कोई राजनेता नहीं हूं. मैं किसी खास हित समूह की ऋणी नहीं हूं. अब समय आ गया है कि कोई बाहरी शख्स आए, जो हमारे शहर की बुनियादी सेवाओं को ठीक करने पर पूरी तरह से जोर लगाए. उसका काम इसपर केंद्रित हो. उन्होंने अपना पूरा फोकस शहर की बुनियादी समस्याओं, सड़कों के गड्ढे, गंदे पानी का रिसाव, महंगाई और 911 पर लंबे इंतजार को दूर करने पर रखा है.
रिनी संपत सात साल की उम्र में अमेरिका आई थीं. वाशिंगटन डीसी में उन्हें रहते हुए एक दशक से ज्यादा समय हो चुका है. उन्होंने कहा कि सिर्फ चार हफ्तों में वह डीसी के इतिहास में मेयर पद के चुनाव के बैलेट पेपर पर जगह बनाने वाली पहली दक्षिण एशियाई उम्मीदवार बन गई हैं.
रिनी ने लोगों की ताकत पर जोर देते हुए कहा, लोगों की ताकत से चलने वाला अभियान इसे जरूर हासिल कर सकता है. जरा सोचिए कि अगर हमारे पास शहर के हर वोटर तक पहुंचने के लिए संसाधन होते, तो हम क्या कर सकते थे?
वाशिंगटन डीसी में डेमोक्रेटिक पार्टी का जबरदस्त दबदबा है. 1975 में मेयर पद के चुनाव शुरू होने के बाद से आज तक यहां कभी कोई रिपब्लिकन मेयर नहीं बना. उससे पहले शहर का प्रशासन राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त कमिश्नरों के बोर्ड के अधीन था. वर्तमान में डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया का प्रशासन एक चुने हुए मेयर और 13 सदस्यों वाली डिस्ट्रिक्ट काउंसिल द्वारा चलाया जाता है.
रिनी संपत ने कहा कि अगर वह डीसी की मेयर बनीं तो उनकी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगी कि शहर अपने निवासियों के प्रति बुनियादी प्रतिबद्धताओं को पूरा करे. सड़कों के गड्ढे भरे जाएं, पोटोमैक नदी में गंदे पानी के विनाशकारी रिसाव को रोका जाए, महंगाई पर काबू पाया जाए, 911 पर इंतजार का समय कम किया जाए. First Updated : Sunday, 05 April 2026