ट्रंप की जान पर बन गया खतरा! कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में अचानक गोलियों की बौछार, सीक्रेट सर्विस ने ऐसे बचाई जान; देखें VIDEO
शनिवार देर रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान होटल में जोरदार फायरिंग हुई. इस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में राष्ट्रपति ट्रंप भी पत्नी के साथ मौजूद थे, उन्हें जैसे-तैसे बचा लिया गया है.

नई दिल्ली: शनिवार रात अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के वाशिंगटन हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर चल रहा था. इसी दौरान होटल में जोरदार फायरिंग की आवाजें सुनाई दी. इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी मौजूद थे. फायरिंग की आवाज सुनते ही सुरक्षा बलों ने तुरंत एक्शन लिया और ट्रंप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
घटना के समय लगभग 2,600 मेहमान हॉल में बैठे थे. फायरिंग की आवाजें आने पर लोग घबरा गए और अपनी मेजों के नीचे छिपने लगे. कई लोगों ने "गेट डाउन, गेट डाउन" या "डाउन, डाउन" की चीखें लगाई. सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने हथियार निकालकर स्थिति संभाली और राष्ट्रपति ट्रंप समेत अन्य अधिकारियों को मंच से हटाकर सुरक्षित जगह पहुंचाया.
WATCH: The moment President Trump was escorted out of the White House Correspondents’ Dinner after loud noises were heard. pic.twitter.com/dMt46TGhlo
— Donald J Trump Posts TruthSocial (@TruthTrumpPost) April 26, 2026
कोई घायल नहीं, संदिग्ध गिरफ्तार
अभी तक किसी के घायल होने या जान जाने की कोई खबर नहीं है. एसोसिएटेड प्रेस और अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग की आवाजें मुख्य डाइनिंग हॉल के बाहर या पास के इलाके से आई. रिपोर्ट्स में कहा गया कि होटल परिसर में एक सशस्त्र व्यक्ति देखा गया था, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया.
सीक्रेट सर्विस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है. यह घटना उस कमरे के बाहर हुई जहां ट्रंप और अन्य नेता डिनर कर रहे थे. सुरक्षा एजेंट बैंक्वेट हॉल में पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया. मेहमानों ने अपनी जान बचाने के लिए मेजों के नीचे दुबककर बैठे रहे.
मेलानिया ट्रंप भी उस वक्त मंच के पास थी. फायरिंग की आवाज सुनने से ठीक पहले वे भीड़ से कुछ बात कर रही थी. उनकी तस्वीरों में चिंता के भाव साफ दिखाई दिए. उन्हें भी तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया.
आंखों देखा हाल
एक फ्रीलांस फोटोग्राफर ने बताया कि होटल के अंदर चार से छह जोरदार धमाके सुनाई दिए. ये आवाजें मुख्य हॉल के बिल्कुल पास नहीं थी, लेकिन उनकी तीव्रता ने सबको हिला दिया. कई रिपोर्ट्स में कहा गया कि सुरक्षा स्क्रीनिंग एरिया के पास यह गोलीबारी हुई.
क्या है व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर?
यह कार्यक्रम हर साल वाशिंगटन डीसी में आयोजित किया जाता है. व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन इसकी मेजबानी करता है. इसमें पत्रकार, राजनेता, हॉलीवुड स्टार और अन्य हस्तियां शामिल होती हैं. यह समारोह प्रेस की आजादी का जश्न मनाता है.
साथ ही पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति इकट्ठा करने में भी मदद करता है. कार्यक्रम में राजनेताओं की हल्के-फुल्के अंदाज में रोस्टिंग (मजाकिया व्यंग्य) की जाती है. अक्सर अमेरिका के राष्ट्रपति भी इसमें शिरकत करते हैं. इस बार ट्रंप कई सालों बाद इस डिनर में शामिल हुए थे.


