बांग्लादेश में हिंसा: शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच पाबना में पुलिस पर हमला

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की खबरों के बीच पाबना जिले से हिंसा की खबर आई है। गुरुवार सुबह सुजानगर में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई।

calender

नई दिल्ली: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की खबरों के बीच पाबना जिले से हिंसा की खबर आई है। गुरुवार सुबह सुजानगर में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि प्रतिबंधित अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने लाउडस्पीकर से ऐलान कर भीड़ जुटाई और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।  

फुटबॉल मैच के बाद छापेमारी, फिर भड़की हिंसा   

सुजानगर थाना पुलिस के मुताबिक मथुरापुर इलाके में दो गश्ती दलों ने छापेमारी की थी। पुलिस का दावा है कि अवामी लीग के कुछ नेता और कार्यकर्ता फुटबॉल विश्व कप के मैच के दौरान तोड़फोड़ की योजना बना रहे थे। छापेमारी में पुलिस ने 10 से 12 लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद मस्जिद के लाउडस्पीकर से घोषणा कर लोगों को बुलाया गया।

आरोप है कि इकट्ठा हुई भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान दो पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया गया। इस झड़प में सुजानगर थाना प्रभारी मुजफ्फर हुसैन और कांस्टेबल सबुज हुसैन घायल हो गए। दोनों को स्थानीय निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।  

अवामी लीग नेता ने आरोपों से किया इनकार   

पुलिस ने सुजानगर उपजिला अवामी लीग के अध्यक्ष अब्दुल वहाब पर भी हमले में शामिल होने का आरोप लगाया। लेकिन वहाब ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के डर से वो पहले से ही जिले से बाहर हैं और पुलिस की वजह से इलाके में नहीं जा सकते।

वहाब के अनुसार गांव के युवाओं ने रात में फुटबॉल मैच देखने के बाद खिचड़ी खाने का प्रोग्राम रखा था। इसी दौरान पुलिस पहुंची और कई लोगों को उठा ले गई। खबर फैलते ही स्थानीय लोग, जिनमें महिलाएं भी थीं, घरों से निकले और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया।  

आतंकवाद निरोधक कानून के तहत केस   

पाबना के पुलिस अधीक्षक सूफी उल्लाह ने बताया कि पुलिस पर हमले और आतंकवाद निरोधक कानून की धाराओं में अलग-अलग केस दर्ज किए जा रहे हैं। दोनों घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है। एसपी ने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

वीडियो और गवाहों के बयान के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। पूरे मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि शेख हसीना के देश लौटने की अटकलों के बाद बांग्लादेश में अवामी लीग कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पाबना की ये घटना तनाव बढ़ा सकती है।  First Updated : Thursday, 16 July 2026