ईरान के नए सुप्रीम लीडर को लेकर अटकलें तेज, ट्रंप बोले 'वे जीवित हैं लेकिन घायल'

ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर जारी अटकलों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि उनके मुताबिक मोजतबा खामेनेई अभी जीवित हो सकते हैं, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई होने की संभावना है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे गंभीर रूप से घायल हैं और इसी वजह से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. इसी बीच गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है. ट्रंप के अनुसार मोजतबा खामेनेई अभी जीवित हैं, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हो सकती हैं, लेकिन वे किसी न किसी रूप में जिंदा हैं.

फॉक्स न्यूज रेडियो को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखते हुए कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए उन्हें लगता है कि ईरान के नए नेता हमले में घायल हुए हैं, लेकिन वे शायद अभी भी जीवित हैं. उनके इस बयान के बाद खामेनेई की स्थिति को लेकर चल रही चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है.

ट्रंप ने क्या कहा

फॉक्स न्यूज रेडियो के 'ब्रायन किलमीड शो' में बातचीत के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें विश्वास है कि मोजतबा खामेनेई जीवित हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, "मुझे लगता है कि वह शायद जीवित हैं."

उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि वह घायल है, लेकिन मुझे लगता है कि वह शायद किसी न किसी रूप में जीवित है."

युद्ध के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं आए सामने

ईरान-अमेरिका संघर्ष शुरू होने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. उनके सार्वजनिक मंचों से दूर रहने के कारण उनकी सेहत और नेतृत्व क्षमता को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.

मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता का पद संभाला था. बताया गया था कि 28 फरवरी को हुए हवाई हमलों में उनके पिता की मौत हो गई थी.

रिपोर्ट्स में गंभीर चोटों का दावा

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमले के दौरान मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हो गए थे. द सन की रिपोर्ट के अनुसार, 56 वर्षीय धर्मगुरु कोमा में हैं और हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि खामेनेई को गंभीर शारीरिक क्षति हुई है और उनका इलाज तेहरान के सीना विश्वविद्यालय अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा है.

एक सूत्र ने अखबार को बताया, "उसके एक या दो पैर काट दिए गए हैं. उसका लिवर या पेट भी फट गया है. वह जाहिर तौर पर कोमा में है,"

ईरानी अधिकारियों ने दी स्थिति पर जानकारी

ईरान के अधिकारियों ने यह स्वीकार किया है कि मोजतबा खामेनेई हमले में घायल हुए थे. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे सुरक्षित हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है.

साइप्रस में ईरान के राजदूत ने द गार्जियन को बताया कि खामेनेई हमले में घायल हुए थे और उनका बच जाना एक तरह से सौभाग्य की बात है.

राजनयिक अलीरेज़ा सलारियन ने कहा, "मैंने सुना है कि उनके पैरों, हाथ और बांह में चोट आई है. मुझे लगता है कि वह घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं."

सार्वजनिक बयान न देने की वजह

मोजतबा खामेनेई के हाल के दिनों में सार्वजनिक रूप से सामने न आने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. इस पर राजदूत सलारियन ने कहा कि उनकी चोटों के कारण वे सार्वजनिक रूप से बोलने की स्थिति में नहीं हो सकते.

उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि वे किसी भी स्थिति में भाषण देने के लिए सहज हैं."

सरकारी टीवी पर प्रसारित हुआ पहला बयान

ईरानी सरकारी टेलीविजन ने नेतृत्व में निरंतरता दिखाने के उद्देश्य से खामेनेई के नाम से पहला बयान प्रसारित किया. हालांकि यह बयान स्वयं नेता की बजाय एक समाचार प्रस्तोता ने पढ़कर सुनाया.

इस संदेश में ईरान की ओर से संघर्ष में मारे गए लोगों का बदला लेने की चेतावनी दी गई और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को लेकर सख्त रुख अपनाया गया.

खामेनेई ने कहा, "इस क्षेत्र में स्थित सभी अमेरिकी ठिकानों को तुरंत बंद कर देना चाहिए, अन्यथा उन पर हमला किया जाएगा."

युद्ध के लिए हर्जाने की भी चेतावनी

अपने संदेश में खामेनेई ने यह भी कहा कि यदि ईरान की मांगें पूरी नहीं की गईं तो देश युद्ध के लिए मुआवजे की मांग कर सकता है और विदेशी संपत्तियों को निशाना बना सकता है.

उन्होंने कहा, “हम शत्रु से उस युद्ध के लिए हर्जाना वसूलेंगे जो उसने हम पर थोपा है. यदि शत्रु इनकार करता है, तो हम उसकी उतनी संपत्ति जब्त कर लेंगे जितनी हमें उचित लगे; और यदि यह संभव नहीं है, तो हम उसकी उतनी ही संपत्ति नष्ट कर देंगे.”

बढ़ते तनाव के बीच जारी अटकलें

यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. सर्वोच्च नेता बनने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं, जिससे उनकी स्थिति को लेकर चर्चाएं जारी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो