अमेरिका के मिशिगन में यहूदी प्रार्थना स्थल पर हमला, मौके पर मारा गया हमलावर
अमेरिका के मिशिगन में टेम्पल इजरायल सिनेगॉग में एक हमलावर ने कार घुसाकर फायरिंग कर दी. सुरक्षा बलों ने उसे मौके पर मार गिराया. गाड़ी में विस्फोटक मिलने के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है.

नई दिल्ली: अमेरिका के मिशिगन राज्य में एक यहूदी प्रार्थना स्थल पर हुए हमले से इलाके में हड़कंप मच गया. हमलावर ने पहले अपनी गाड़ी को तेज रफ्तार से सिनेगॉग परिसर में घुसा दिया और उसके बाद बाहर निकलकर गोलीबारी शुरू कर दी. घटना के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को गोली मार दी. फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां इस हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रही हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना मिशिगन के वेस्ट ब्लूमफील्ड टाउनशिप स्थित टेम्पल इजरायल सिनेगॉग में हुई.
जानकारी के अनुसार, हमलावर की गाड़ी जानबूझकर सिनेगॉग परिसर में घुसाई गई थी. टक्कर के बाद गाड़ी में आग लग गई और उसी दौरान गोलियों की आवाज सुनाई दी. मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और बंदूकधारी को गोली मार दी. ओकलैंड काउंटी के शेरिफ माइक बाउचार्ड ने बताया कि फिलहाल हमलावर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हमला किस वजह से किया गया.
FBI भी जांच में शामिल
घटना के बाद संघीय जांच एजेंसी एफबीआई की टीम भी मौके पर पहुंच गई. एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने बताया कि एजेंसी के अधिकारी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. जांचकर्ताओं के अनुसार, गाड़ी के पीछे बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली है. इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावर की योजना और बड़ा नुकसान पहुंचाने की हो सकती थी.
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी
हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. घटनास्थल से सामने आए एरियल फुटेज में सिनेगॉग की छत से घना धुआं उठता दिखाई दिया, जबकि कई पुलिस वाहन भवन के चारों ओर तैनात नजर आए. जूइश फेडरेशन ऑफ डेट्रॉइट ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि टेम्पल इजरायल से जुड़े सभी संस्थानों को एहतियातन लॉकडाउन कर दिया गया है.
सिनेगॉग परिसर में स्कूल और डेकेयर भी
जिस परिसर में यह हमला हुआ, वहां टेम्पल इजरायल अर्ली चाइल्डहुड सेंटर भी मौजूद है. इस केंद्र में किंडरगार्टन, प्रीस्कूल और डेकेयर की सुविधा चलती है. यह सिनेगॉग 1941 में स्थापित हुआ था और इससे करीब 3,500 परिवार जुड़े हुए हैं. यहां लगभग 12,000 लोग धार्मिक गतिविधियों में भाग लेते हैं.
घटना के बाद आसपास के स्कूलों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई. ब्लूमफील्ड टाउनशिप पुलिस विभाग ने बताया कि ब्लूमफील्ड हिल्स के स्कूलों को एहतियात के तौर पर “सिक्योर मोड” में रखा गया है, ताकि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. पुलिस के अनुसार, जब हमलावर ने गाड़ी से इमारत को टक्कर मारी तो एक सुरक्षा गार्ड उसकी चपेट में आ गया. इस घटना में गार्ड को हल्की चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
राज्यपाल ने की हमले की निंदा
मिशिगन की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर ने इस हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है. उनका कहना है कि मिशिगन में हर समुदाय को शांति से रहने और अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में यहूदी विरोधी भावना और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.
यहूदी विरोधी घटनाओं को लेकर चिंता
एंटी-डिफेमेशन लीग के अनुसार, हाल के समय में मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण दुनिया के कई हिस्सों में यहूदी विरोधी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है. अमेरिका में भी यहूदी समुदाय से जुड़े संस्थानों पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं. इसी वजह से सिनेगॉग, स्कूल और अन्य यहूदी संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा सख्त कर दी गई है. जांच एजेंसियां फिलहाल हमले के हर पहलू की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमलावर का उद्देश्य क्या था और क्या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क शामिल था.


