‘राष्ट्रपति पागल हो गए हैं...’, ट्रंप के मानसिक स्वास्थ्य पर अमेरिकी नेताओं ने उठाए गंभीर सवाल

डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर दिए गए आग उगलते, अपशब्दों से भरे बयान ने हंगामा मचा दिया है. उनके मानसिक संतुलन पर सवाल उठने लगे हैं. डेमोक्रेट्स के साथ कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने इसे बेहद खतरनाक करार देते हुए तुरंत हस्तक्षेप की मांग कर दी है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान को तीखी धमकी देते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया है, जिस पर अमेरिकी नेताओं ने गहरी चिंता और नाराजगी जताई है. ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और पुलों पर हमले की चेतावनी दी है. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब फरवरी के अंत में अमेरिका-इजरायल के ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज जलमार्ग लगभग बंद हो गया है. इस बंदी से वैश्विक तेल बाजार में कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं. ट्रंप का यह बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ाने वाला माना जा रहा है.

ट्रंप का विवादित सोशल मीडिया पोस्ट

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, मंगलवार का दिन ईरान में 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' होगा. ये दोनों एक ही दिन में होंगे. ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा. उस जलडमरूमध्य को खोल दो, तुम पागल कमीनों, वरना तुम नरक में रहोगे. बस देखते जाओ! अल्लाह की जय हो. इस पोस्ट में ट्रंप ने ईरान के लिए ऐसे अपशब्दों का प्रयोग किया, जिसकी किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष से उम्मीद नहीं की जाती. उन्होंने ईरान के पावर प्लांट और ब्रिज पर हमले की सीधी चेतावनी दी है.

होर्मुज स्ट्रेट का महत्व और वैश्विक प्रभाव

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल और गैस सप्लाई रूट्स में से एक है. फरवरी के अंत में अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू होने के बाद से यह जलमार्ग लगभग बंद पड़ा है, जिसके कारण वैश्विक बाजार में तेल कीमतें आसमान छू रही हैं. ट्रंप ने होर्मुज को लेकर ईरान को कई बार धमकी दी है और इस समुद्री मार्ग को खोलने का अल्टीमेटम दे चुके हैं. उन्होंने होर्मुज को खोलने में अमेरिका की मदद नहीं करने के लिए यूरोपीय देशों और नाटो सहयोगियों पर भी नाराजगी जताई है. ट्रंप ने यहां तक चेतावनी दी कि अमेरिका नाटो से बाहर निकल सकता है.

चक शूमर की तीखी आलोचना

अमेरिकी सीनेट के सदस्य और डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता चक शूमर ने ट्रंप के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ट्रंप के रवैये को 'एक असंतुलित व्यक्ति की बकवास' बताया. शूमर ने कहा कि ट्रंप का यह रवैया अमेरिका के सहयोगियों को उससे दूर कर रहा है. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति के हालिया बयान को युद्ध अपराध की धमकी देने जैसा बताया.

मार्जरी टेलर ग्रीन का विरोध

ट्रंप की पूर्व सहयोगी मार्जरी टेलर ग्रीन ने भी उनके बयान की तीखी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति 'पागलपन' की स्थिति में हैं. टेलर ग्रीन ने अमेरिकी प्रशासन के लोगों से दखल देने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह युद्ध बिना उकसावे के शुरू किया गया और इससे निर्दोष लोगों की जान जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो