नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर जहां भारत में इसे एक बड़ी कूटनीतिक और आर्थिक सफलता माना जा रहा है, वहीं पड़ोसी देश पाकिस्तान में इस पर जबरदस्त नाराज़गी देखने को मिल रही है. सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी यूजर्स अपनी ही सरकार और सैन्य नेतृत्व पर तीखे सवाल उठा रहे हैं.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के तहत भारत को बड़ा टैरिफ लाभ मिलने की खबरों के बाद पाकिस्तान में आक्रोश और तंज का दौर शुरू हो गया है. पाकिस्तानी नागरिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को जमकर ट्रोल कर रहे हैं.
भारत और अमेरिका के बीच बनी सहमति के अनुसार, अब अमेरिका भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर पहले के 50 प्रतिशत टैरिफ की बजाय केवल 18 प्रतिशत शुल्क लगाएगा. इस समझौते की खास बात यह रही कि भारत ने किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया और अपनी शर्तों पर कायम रहा.
भारत को मिली इस कूटनीतिक सफलता के बाद पाकिस्तान में लोग अपनी सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठा रहे हैं. पाकिस्तानी यूजर्स का कहना है कि जहां भारत ने बिना किसी दबाव के अपने हित साधे, वहीं पाकिस्तान की सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने के बावजूद कोई ठोस फायदा नहीं हासिल कर सकी.
एक पाकिस्तानी यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुनीर की रोती हुई तस्वीर साझा करते हुए लिखा,"डोनाल्ड ट्रंप ने फील्ड मार्शल के साथ उस रखैल जैसा बर्ताव किया है जिससे सभी अवैध और गंदे काम करवाए जाते हैं और जब कुछ देने या लेने का समय आता है, तो कहा जाता है कि मैं अपने परिवार के फैसले का पालन करने के लिए मजबूर हूं. मुझे भूल जाओ."
एक अन्य यूजर जुबैर ने लिखा,"तो इस सरकार द्वारा ट्रंप को खुश करने की इतनी कोशिशों के बाद, यहां तक कि इजरायल शांति बोर्ड के लिए सेना भेजने की बात मानने के बाद भी पाकिस्तान पर 19 फीसदी अमेरिकी टैरिफ लगा दिए गए, जबकि भारत पर अब अमेरिका ने 18 फीसदी टैरिफ लगाए हैं. शानदार विदेश नीति की उपलब्धि !"
एक और यूजर ने भारत की व्यापारिक उपलब्धियों की ओर इशारा करते हुए लिखा,"पिछले 6 महीनों में भारत ने यूरोपीय संघ, यूनाइटेड किंगडम, ओमान और न्यूजीलैंड के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए, और अब ट्रंप टैरिफ को भी 18% तक कम करवा लिया. यह सब किसी के सामने झुके बिना या किसी को नोबेल पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किए बिना."
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थक और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) भी मौजूदा सरकार पर हमलावर हो गए हैं. PTI के पूर्व मंत्री हम्माद अजहर ने कहा,"आधुनिक युग में विदेश नीति दिखावे या निजी रिश्तों के बारे में नहीं है. यह आर्थिक ताकत, टैरिफ और बाजार तक पहुंच का फायदा उठाने के बारे में है. भारत के EU और अमेरिका के साथ हालिया व्यापार समझौते इस बात को साबित करते हैं. चापलूसी और फोटो खिंचवाना बेकार है." First Updated : Wednesday, 04 February 2026