नई दिल्ली: शुक्रवार को पेंटागन ने एक बार फिर UAP यानी अनआइडेंटिफाइड एनॉमलस फेनोमेना से जुड़ी नई फाइलें पब्लिक कीं। इन्हें आम भाषा में UFO कहा जाता है। इस बार 40 फाइलें जारी हुई हैं, जिनमें मिलिट्री पायलटों के बयान से लेकर वीडियो और सरकारी रिपोर्ट तक शामिल हैं।
CBS न्यूज़ के मुताबिक ये रिकॉर्ड पेंटागन, NASA, CIA, FBI और डिपार्टमेंट ऑफ एनर्जी जैसी एजेंसियों से इकट्ठे किए गए हैं। इसमें 14 डॉक्यूमेंट, 19 वीडियो, 4 ऑडियो क्लिप और 3 तस्वीरें हैं। सारी फाइलें पेंटागन की आधिकारिक UAP वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई हैं।
ये रिलीज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इस साल की शुरुआत में साइन किए गए एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के तहत हुई है। पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पारनेल ने कहा कि ये आखिरी खेप नहीं है। "डिपार्टमेंट ऑफ वॉर और सहयोगी एजेंसियां UAP फाइलों की अगली खेप पर काम कर रही हैं।"
सबसे चौंकाने वाला बयान एक मिलिट्री पायलट का है। 28 साल की सर्विस में उसने कहा कि उसने एक ऐसी चीज़ देखी जो "उससे बिल्कुल अलग थी जो मैंने पहले कभी देखी थी।" एक और अहम रिपोर्ट डिपार्टमेंट ऑफ एनर्जी की है।
सितंबर 2015 में टेक्सास के अमरीलो के पास पैंटेक्स न्यूक्लियर फैसिलिटी के ऊपर एक अज्ञात ऑब्जेक्ट देखा गया था। दो अधिकारियों ने उसका पीछा किया। फैसिलिटी को लॉकडाउन कर दिया गया था।
रिपोर्ट में लिखा है, "ऑब्जेक्ट से कोई आवाज़ नहीं आ रही थी और दूरबीन से देखने पर उसमें कोई प्रोपल्शन सिस्टम भी नजर नहीं आया। 1-2 मिनट बाद वो उत्तर की ओर चली गई।"
जारी की गई आधी से ज्यादा फाइलें 2010 के बाद की हैं। इनमें मिलिट्री सेंसर का इन्फ्रारेड फुटेज है। वीडियो पश्चिमी प्रशांत, अटलांटिक और मध्य पूर्व में रिकॉर्ड किए गए हैं। सबसे नए मामले 2025 के हैं और ये इंडो-पैसिफिक कमांड के तहत चीन के आसपास के इलाकों के हैं। एक वीडियो में येलो सी के ऊपर "छह कोनों वाले तारे जैसी आकृति" को ट्रैक किया गया। दूसरे में ईस्ट चाइना सी के ऊपर कई मिनट तक एक अज्ञात चीज़ का पीछा दिख रहा है।
पुराने रिकॉर्ड में 1949 की एक कॉन्फ्रेंस का ट्रांसक्रिप्ट भी है। ये मीटिंग लॉस अलामोस, न्यू मैक्सिको में हुई थी। इसमें मैनहट्टन प्रोजेक्ट के वैज्ञानिक शामिल थे। चर्चा का विषय थे लैब के ऊपर दिखे रहस्यमयी "हरे आग के गोले"। कुछ वैज्ञानिकों ने कहा ये उल्कापिंड हो सकते हैं।
लेकिन एक खगोलशास्त्री ने इसे खारिज करते हुए कहा, "उल्कापिंडों में ऐसी कोई चीज़ कभी नहीं देखी गई है।" नतीजा आज तक साफ नहीं हो पाया। फिलहाल पेंटागन ने साफ किया है कि जांच जारी रहेगी और और फाइलें भी पब्लिक की जाएंगी। First Updated : Saturday, 11 July 2026