US Government Shutdown: अमेरिका में 1 अक्टूबर से आधी रात से आधिकारिक तौर पर शटडाउन शुरू होने जा रहा है. ऐसा लगभग सात साल बाद हुआ है जब सीनेट किसी अस्थायी फंडिंग बिल को पारित करने में नाकाम रही. इस गतिरोध ने एक बार फिर रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच गहरी राजनीतिक खाई को उजागर कर दिया है.
30 सितंबर को सीनेट में रिपब्लिकन समर्थित प्रस्ताव को 55-45 मत मिले, लेकिन यह 60 वोट की बाधा पार नहीं कर पाया और फिलिबस्टर में अटक गया. इसके बाद बातचीत टूट गई और सरकारी एजेंसियां तुरंत प्रभावित होने लगीं. इस असफलता ने न केवल सरकारी कामकाज को रोक दिया बल्कि दोनों दलों में आरोप-प्रत्यारोप भी तेज कर दिए हैं.
सीनेट के बहुमत नेता जॉन थ्यून (R-SD) ने डेमोक्रेट्स पर हमला बोलते हुए कहा, "यह शूमर शटडाउन है. डेमोक्रेट्स स्वास्थ्य सुरक्षा के नाम पर बंधक बनाकर बैठे हैं."
वहीं सीनेट के अल्पसंख्यक नेता चक शूमर (D-NY) ने पलटवार करते हुए कहा, "रिपब्लिकन ने वार्ता को हाईजैक कर लिया है. हमें एकतरफा शर्तें नहीं, गंभीर बातचीत चाहिए."
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जिन्होंने 2018-2019 के शटडाउन का सामना किया था, ने 29 सितंबर को व्हाइट हाउस में दोनों पक्षों को बुलाया. लेकिन यह बैठक समझौते के बजाय आरोप-प्रत्यारोप में खत्म हुई. सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर "क्लीन एक्सटेंशन" रोकने का आरोप लगाया, जबकि डेमोक्रेट्स ने बिल में मेडिकेड और विदेशी सहायता में कटौती का मुद्दा उठाया.
रिपब्लिकन बिल H.R. 5371 दिसंबर तक फंडिंग बढ़ाने का प्रस्ताव रखता था. इसे तीन डेमोक्रेट्स—जॉन फेटरमैन (PA), कैथरीन कॉर्टेज मास्टो (NV) और स्वतंत्र सीनेटर एंगस किंग (ME) का समर्थन मिला, लेकिन यह फिर भी पारित नहीं हो पाया.
दूसरी ओर, डेमोक्रेट्स ने अपनी तरफ से एक महीने का विस्तार (31 अक्टूबर तक) प्रस्तावित किया, जिसमें Affordable Care Act सब्सिडी की सुरक्षा शामिल थी. यह प्रस्ताव 47-53 मतों से विफल हो गया. रिपब्लिकन सीनेटर रैंड पॉल (KY) ने दोनों ही योजनाओं का विरोध करते हुए कहा, "यह पूरी तरह वित्तीय गैर-जिम्मेदारी है." First Updated : Wednesday, 01 October 2025