नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर नई जानकारी सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों देशों के बीच तैयार किए गए एक प्रस्तावित मसौदे में 14 महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया है. इस ड्राफ्ट में युद्ध समाप्त करने से लेकर होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और आर्थिक प्रतिबंधों में राहत देने जैसे कई अहम प्रस्ताव रखे गए हैं.
प्रस्तावित समझौते में सबसे पहली प्राथमिकता सभी मोर्चों पर संघर्ष को समाप्त करना बताई गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें क्षेत्रीय तनाव को कम करने और स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में कदम उठाने का सुझाव दिया गया है. लेबनान में जारी संघर्ष को भी इस प्रक्रिया का हिस्सा माना गया है.
ड्राफ्ट में कहा गया है कि होर्मुज स्ट्रेट को 30 दिनों के भीतर दोबारा खोला जा सकता है. हालांकि इसके संचालन और सुरक्षा की निगरानी ईरान के हाथों में रहने का प्रस्ताव है. यह मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.
रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी तेल पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने या अस्थायी रूप से निलंबित करने की बात भी मसौदे में शामिल है. साथ ही ईरान के पुनर्निर्माण और आर्थिक विकास के लिए बड़े निवेश और सहायता योजना पर विचार करने का प्रस्ताव रखा गया है. इसके अलावा ईरान की विदेशों में फंसी अरबों डॉलर की संपत्ति को जारी करने का सुझाव भी दिया गया है, ताकि आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सके.
मसौदे में ईरान ने एक बार फिर परमाणु हथियार नहीं बनाने की प्रतिबद्धता जताई है. बदले में अमेरिका से अपेक्षा की गई है कि वह वार्ता के दौरान नए प्रतिबंध न लगाए और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां न बढ़ाए. दोनों देशों के बीच लगभग 60 दिनों तक विस्तृत बातचीत का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे परमाणु कार्यक्रम और आर्थिक प्रतिबंधों से जुड़े मुद्दों का स्थायी समाधान निकाला जा सके.
इन शर्तों की अभी तक अमेरिका या ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. बताया जा रहा है कि समझौते का मसौदा अभी अंतिम चरण में नहीं पहुंचा है और इसे ईरान के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी मिलना बाकी है. ऐसे में आने वाले दिनों में इस संभावित समझौते पर पूरी दुनिया की नजर बनी रहेगी. First Updated : Friday, 12 June 2026