अमेरिका ने ईरानी जहाज के इंजन में पहले मारी गोली, रात के अंधेरे में हेलीकॉप्टर से किया कब्जा, देखें VIDEO
अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रस्ताव के बीच एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि अमेरिकी सेना ने जहाज पर कब्जा कर लिया है.

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है. अमेरिकी नौसेना ने ओमान की खाड़ी में एक ईरानी झंडे वाले मालवाहक जहाज पर कार्रवाई की और उसे अपने कब्जे में ले लिया. अमेरिकी सेना ने इस पूरे ऑपरेशन का वीडियो जारी किया है, जिसमें हेलीकॉप्टर से उतरते मरीन सैनिक और जहाज पर कब्जा करने के दृश्य साफ दिख रहे हैं.
वीडियो में क्या दिख रहा?
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने वीडियो शेयर किया. इसमें दिखाया गया है कि अमेरिकी गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर USS Spruance ने ईरानी जहाज 'टूस्का' (Touska) को कई बार रुकने की चेतावनी दी. छह घंटे तक कोई जवाब न मिलने पर अमेरिकी जहाज ने फायरिंग कर जहाज के इंजन रूम को निशाना बनाया और उसे रोक दिया.
इसके बाद रात के अंधेरे में USS Tripoli से अमेरिकी मरीन हेलीकॉप्टर के जरिए जहाज के ऊपर पहुंचे. सैनिक रस्सियों के सहारे रैपलिंग करते हुए सीधे जहाज पर उतरे और उसे अपने कब्जे में ले लिया. पूरा ऑपरेशन सुनियोजित और तेजी से पूरा किया गया.
U.S. Marines depart amphibious assault ship USS Tripoli (LHA 7) by helicopter and transit over the Arabian Sea to board and seize M/V Touska. The Marines rappelled onto the Iranian-flagged vessel, April 19, after guided-missile destroyer USS Spruance (DDG 111) disabled Touska’s… pic.twitter.com/mFxI5RzYCS
— U.S. Central Command (@CENTCOM) April 20, 2026
ट्रंप ने बताया कार्रवाई का कारण
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि लगभग 900 फीट लंबा यह जहाज अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था. ईरानी क्रू ने चेतावनी मानने से इनकार कर दिया, इसलिए इंजन रूम में गोली चलाकर जहाज को रोक दिया गया.
ट्रंप ने लिखा कि अब अमेरिकी मरीन के पास जहाज की पूरी कस्टडी है और वे देख रहे हैं कि जहाज पर क्या सामान है. इस जहाज पर पहले भी अमेरिकी प्रतिबंध लगे हुए थे क्योंकि यह गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहा है.
ईरान की चेतावनी
ईरान ने इस कार्रवाई को समुद्री लूटपाट बताया है. ईरानी संयुक्त सैन्य कमान ने कहा कि तेहरान जल्द ही इसका जवाब देगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरानी बलों ने अमेरिकी युद्धपोतों की ओर ड्रोन लॉन्च किए हैं.
यह घटना अमेरिका द्वारा ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नौसेना नाकाबंदी के दौरान हुई है. दोनों देशों के बीच शांति समझौते की उम्मीदें अब और कमजोर पड़ गई हैं. अमेरिकी सेना का यह ऑपरेशन दिखाता है कि वे नाकाबंदी को सख्ती से लागू कर रहे हैं. जारी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.


