ईरान का तेल संकट पैदा करने का दांव होगा फेल! अमेरिका ने होमुर्ज में फंसे जहाजों को सुरक्षा देने का किया ऐलान

ईरान के साथ जारी तनाव के बीच अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों की सुरक्षा का बड़ा ऐलान किया है. यह ऐलान अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक इंटरव्यू के दौरान दिया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों की सुरक्षा का बड़ा ऐलान किया है. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने स्काई न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिकी नौसेना जल्द ही इन जहाजों को एस्कॉर्ट करेगी.

होर्मुज जलडमरूमध्य की अहमियत

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है. यहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है. ईरान की तरफ से पर्सियन गल्फ में जहाजों पर हमलों के कारण तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा हो गई हैं.

इससे वैश्विक बाजारों में गिरावट आई है. हालांकि विकसित देशों ने अपने रणनीतिक भंडार से बड़ी मात्रा में तेल छोड़ने की घोषणा की है, जिसमें अमेरिका का बड़ा योगदान है.

अमेरिकी नौसेना का एस्कॉर्ट प्लान

स्कॉट बेसेंट ने कहा, "मेरा मानना है कि जैसे ही सैन्य रूप से संभव होगा, अमेरिकी नौसेना किसी अंतरराष्ट्रीय गठबंधन के साथ मिलकर जहाजों को एस्कॉर्ट करेगी." उन्होंने बताया कि अभी भी कुछ टैंकर इस मार्ग से गुजर रहे हैं, जैसे ईरानी और चीनी झंडे वाले जहाज.

इससे पता चलता है कि जलडमरूमध्य में अभी माइंस नहीं बिछाए गए हैं. बेसेंट का यह बयान ईरान के साथ तनाव के बीच आया है, जहां अमेरिका ऊर्जा सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहा है.

ईरान की कड़ी धमकी

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिका और इजरायल के खिलाफ दबाव का हथियार बनाया जाएगा. उन्होंने शहीदों का बदला लेने की बात कही और क्षेत्र में हमलों को जारी रखने का संकेत दिया. ईरान का यह रुख संघर्ष को और गहरा कर सकता है.

युद्ध का बढ़ता खर्च

बेसेंट ने इंटरव्यू में बताया कि ईरान के साथ युद्ध ने अमेरिका को अब तक करीब 11 अरब डॉलर का खर्चा कराया है.  इंटरव्यू के दौरान ही उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप का कॉल आया, जिसके कारण बातचीत कुछ देर रुकी. यह कदम वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए राहत ला सकता है, लेकिन ईरान के साथ सीधे टकराव का खतरा भी बढ़ाएगा. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो