PAK के लिए US का बदला सुर, रक्षा सचिव ने कहा ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ कायम की सच्ची दोस्ती

अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने पाकिस्तान और अमेरिका के बीच मजबूत होते संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है. हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका और पाकिस्तान के संबंधों में नई मजबूती आई है.

calender

नई दिल्ली: अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने पाकिस्तान और अमेरिका के बीच मजबूत होते संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है. सिंगापुर में आयोजित शांगरी-ला डायलॉग के दौरान उन्होंने पाकिस्तान के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग क्षेत्रीय स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. 

आसिम मुनीर और  शहबाज शरीफ का किया जिक्र 

इतना ही नहीं अपने संबोधन में हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका और पाकिस्तान के संबंधों में नई मजबूती आई है. उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने संवाद और शांति की दिशा में सकारात्मक योगदान दिया है.

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में वॉशिंगटन और इस्लामाबाद के बीच बातचीत और सहयोग में तेजी आई है. अमेरिका पाकिस्तान को क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने में एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखता है. बता दें, उनके इस बयान को अमेरिका की ओर से पाकिस्तान के लिए सकारात्मक संदेश माना जा रहा है. 

भारत-पाक संबंधों को लेकर क्या कहा 

इस दौरान हेगसेथ ने भारत और पाकिस्तान के बीच शांति स्थापित करने में राष्ट्रपति ट्रंप की भूमिका का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने और क्षेत्रीय तनाव को कम करने के लिए लगातार संपर्क में है. भारत और पाकिस्तान की मिसाइल क्षमताओं को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में अमेरिकी रक्षा सचिव ने कहा कि फिलहाल अमेरिका इन दोनों देशों को अपने लिए किसी प्रत्यक्ष खतरे के रूप में नहीं देखता. आगे उन्होंने कहा कि दोनों देशों की अपनी सुरक्षा संबंधी चुनौतियां हैं और वे अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे. 

भारत को बताया अहम स्तंभ 

हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि पाकिस्तान ऐसे मिसाइल सिस्टम विकसित कर रहा है, जिनकी क्षमता भविष्य में बढ़ सकती है. इसके बावजूद मौजूदा समय में अमेरिका को किसी तत्काल खतरे की आशंका नहीं है. पाकिस्तान की सराहना के साथ-साथ हेगसेथ ने भारत के साथ अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत बताया है. उन्होंने भारत को दक्षिण एशिया का एक अहम स्तंभ बताते हुए कहा कि दोनों देश रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर साथ काम कर रहे हैं.  First Updated : Sunday, 31 May 2026