प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को इजरायल के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर पहुंचे हैं. यह यात्रा भारत और इजरायल के बीच गहरे रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई देने का सुनहरा अवसर साबित हो रही है. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रही यह दूसरी यात्रा 2017 के ऐतिहासिक दौरे के नौ साल बाद हो रही है, जिसमें दोनों नेता द्विपक्षीय साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे.
इजरायल के प्रमुख अंग्रेजी दैनिक 'द जेरूसलम पोस्ट' ने पीएम मोदी के आगमन को विशेष महत्व देते हुए अपने फ्रंट पेज पर कवर किया. अखबार के एडिटर-इन-चीफ ज्विका क्लेन ने सोशल मीडिया पर इस संस्करण की तस्वीर साझा की, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी हाथ हिलाते हुए नजर आ रहे हैं. हेडलाइन में बड़े-बड़े अक्षरों में 'वेलकम, मोदी' लिखा गया है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती निकटता का प्रतीक है. खबर में नई दिल्ली और जेरूसलम के बीच मजबूत होती साझेदारी पर खास फोकस किया गया है. साथ ही 'नमस्ते' और 'शालोम' जैसे पारंपरिक अभिवादन भी प्रमुखता से छपे, जो सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाते हैं.
अखबार ने दौरे से जुड़ी कई खास कहानियां प्रकाशित कीं, जिनमें भारत के इजरायल में राजदूत जेपी सिंह का विस्तृत साक्षात्कार भी शामिल है. राजदूत सिंह ने पीएम मोदी के इजरायली संसद में प्रस्तावित भाषण को ऐतिहासिक करार दिया. उन्होंने कहा कि यह भारत के किसी प्रधानमंत्री द्वारा नेसेट में दिया जाने वाला पहला संबोधन होगा, जो दोनों देशों के लिए एक नया अध्याय खुलेगा.
इजरायल ने पीएम मोदी की यात्रा को बेहद गंभीरता से लिया है. उनके आने से पहले जेरूसलम की सड़कों को भारत और इजरायल के झंडों से सजाया गया, जबकि संसद भवन को तिरंगे के रंगों में रंगा गया. यह नजारा हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है. पीएम मोदी नेतन्याहू के साथ विस्तृत बैठक करेंगे, राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से मुलाकात करेंगे और नेसेट को संबोधित करेंगे. दोनों नेता रक्षा, अर्थव्यवस्था, लोगों के बीच संपर्क और अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
यह दौरा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत-इजरायल की साझेदारी को नई दिशा देगा. दोनों प्राचीन सभ्यताओं के बीच यह नया अध्याय भविष्य के लिए आशा जगाता है. First Updated : Wednesday, 25 February 2026