डाइट-एक्सरसाइज पर घंटों मेहनत, फिर भी वजन नहीं हो रहा कम, कही आप भी ये गलतियां तो नहीं कर रहे हैं
आजकल बढ़ता वजन लगभग हर किसी की आम परेशानी बन चुका है. लोग जिम जाते हैं, डाइट फॉलो करते हैं, फिर भी स्केल नीचे नहीं उतरता, असल वजह? कुछ छिपी हुई गलतियां है.

आज की भागदौड़ भरी और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के कारण वजन बढ़ना आम बात हो गई है. लोग डाइट चार्ट फॉलो करते हैं, जिम में घंटों पसीना बहाते हैं, फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता. मेहनत के बावजूद वजन न घटने से निराशा होती है और कॉन्फिडेंस भी कम होने लगता है. असल में वेट लॉस सिर्फ डाइट और एक्सरसाइज का खेल नहीं है, बल्कि इसमें कई छोटी-छोटी आदतें और लाइफस्टाइल फैक्टर भी बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं.
अक्सर लोग अनजाने में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो उनके पूरे वजन घटाने के प्रयास को बर्बाद कर देती हैं. नींद की कमी, गलत खानपान, प्रोटीन की कमी या अत्यधिक कम कैलोरी लेना जैसी आदतें मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देती हैं. अगर आप भी वजन कम करने की जद्दोजहद में हैं और रिजल्ट नहीं मिल रहा, तो ये सबसे आम गलतियां तुरंत सुधार लीजिए.
बहुत कम खाना शुरू कर देना
वजन घटाने की जल्दबाजी में कई लोग अचानक बहुत कम खाना शुरू कर देते हैं. उन्हें लगता है कि कम खाने से फैट जल्दी पिघलेगा, लेकिन यह तरीका उल्टा पड़ता है. शरीर को पर्याप्त पोषण न मिलने पर मेटाबॉलिज्म स्लो हो जाता है और शरीर फैट को बचाने के लिए स्टोर करने लगता है. नतीजा? वजन कम होने की बजाय रुक जाता है या बढ़ भी सकता है. इसलिए बेहद कम कैलोरी वाली डाइट के बजाय संतुलित और पोषक आहार अपनाना ज्यादा फायदेमंद है.
सिर्फ एक्सरसाइज पर भरोसा करना
कई लोग यह मान बैठते हैं कि जिम जाकर या कार्डियो करके ही वजन कम हो जाएगा. लेकिन अगर डाइट कंट्रोल में नहीं है तो एक्सरसाइज का पूरा लाभ नहीं मिल पाता. वजन घटाने के लिए 70-80% डाइट और 20-30% एक्सरसाइज का बैलेंस जरूरी है. गलत या ज्यादा खाने से सारी मेहनत बेकार हो जाती है.
प्रोटीन की सही मात्रा न लेना
प्रोटीन वेट लॉस का सबसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व है, लेकिन भारतीय डाइट में इसकी कमी आम है. प्रोटीन मसल्स मास को बनाए रखता है, मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, लंबे समय तक पेट भरा रखता है और पचने में ज्यादा कैलोरी बर्न करवाता है. कम प्रोटीन लेने से मसल्स कमजोर होते हैं, भूख ज्यादा लगती है और फैट लॉस की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है. रोजाना अपनी बॉडी वेट के हिसाब से पर्याप्त प्रोटीन जरूर शामिल करें.
क्रैश डाइट या बहुत कम कैलोरी वाली डाइट फॉलो करना
जल्दी रिजल्ट के चक्कर में लोग क्रैश डाइट या 800-1000 कैलोरी वाली डाइट अपनाते हैं. शुरुआत में वजन तेजी से कम दिखता है, लेकिन यह ज्यादातर पानी और मसल्स का नुकसान होता है. लंबे समय तक ऐसी डाइट से मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, थकान बढ़ती है और वजन वापस आने की संभावना भी ज्यादा रहती है. इसलिए धीरे-धीरे और सस्टेनेबल तरीके से कैलोरी डेफिसिट बनाना सबसे सुरक्षित और लंबे समय तक चलने वाला तरीका है.
नींद की कमी होना
नींद की कमी वेट लॉस का सबसे बड़ा दुश्मन है. कम सोने से घ्रेलिन (भूख बढ़ाने वाला हार्मोन) बढ़ता है और लेप्टिन (भूख दबाने वाला हार्मोन) कम होता है. जिससे दिनभर ज्यादा भूख लगती है, क्रेविंग्स बढ़ती हैं और कैलोरी इनटेक अनकंट्रोल हो जाता है. रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी क्वालिटी नींद लेना वजन घटाने के लिए उतना ही जरूरी है जितना डाइट और एक्सरसाइज.


