नई दिल्ली: घर सिर्फ चार दीवारों का ढांचा नहीं होता, उसकी असली पहचान उसकी सजावट से बनती है. सही होम डेकोर न सिर्फ घर की खूबसूरती बढ़ाता है, बल्कि उसे एक रिच और स्टाइलिश लुक भी देता है. यही वजह है कि आज होम डेकोर सिर्फ लग्जरी नहीं, बल्कि आम लोगों की जरूरत और पसंद बन चुका है.
अक्सर लोगों को लगता है कि घर को सुंदर बनाने के लिए भारी बजट चाहिए, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. भारत के कई शहरों में ऐसी मार्केट्स मौजूद हैं, जहां 100 रुपये से भी कम कीमत में शानदार होम डेकोर आइटम्स मिल जाते हैं. वॉल हैंगिंग से लेकर आर्टिफिशियल प्लांट, कैंडल स्टैंड, कुशन कवर और हैंडमेड सजावटी सामान—सब कुछ बेहद किफायती दामों में उपलब्ध है.
गुरुग्राम के सेक्टर 56 में लगने वाली बंजारा मार्केट सस्ते और ट्रेंडी होम डेकोर आइटम्स के लिए जानी जाती है. यह मार्केट अब सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं रही, बल्कि देशभर में मशहूर हो चुकी है.
यहां आपको फैंसी मिरर, टेबल, झूमर, सीनरी, एंटीक पीस, लैंप और क्रॉकरी जैसे कई यूनिक आइटम्स मिल जाते हैं. डिजाइन इतनी आकर्षक होती है कि कीमत जानकर हैरानी होती है. हालांकि, यहां मोलभाव करना जरूरी है.
सस्ती और खूबसूरत चीजों की बात हो और जयपुर का बापू बाजार न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. यह जयपुर की सबसे प्रसिद्ध मार्केट्स में से एक है.
यहां होम डेकोर के साथ-साथ कपड़े, जूते और चूड़ियों की भी भरमार है. सांगानेरी प्रिंट बेडशीट, रजाई, कुशन कवर, हैंडीक्राफ्ट और संगमरमर से बने डेकोर आइटम्स यहां बेहद कम दामों में मिल जाते हैं, जो घर की शोभा बढ़ाने के लिए परफेक्ट हैं.
दक्षिण मुंबई के शहीद भगत सिंह रोड पर स्थित कोलाबा कॉज़वे मार्केट अपने रीजनेबल प्राइज़ के लिए मशहूर है. यह शॉपिंग स्ट्रीट किसी ट्रीट से कम नहीं है.
यहां फैशनेबल कपड़े, ज्वेलरी, फुटवियर के साथ-साथ होम डेकोर के भी कई शानदार विकल्प मिलते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि लगभग हर चीज किफायती दामों में मिल जाती है. यहां भी मोलभाव करना न भूलें.
गोवा घूमने जाएं और अंजुना पिस्सू बाजार न जाएं, ऐसा हो ही नहीं सकता. यह बाजार शॉपिंग लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है.
यहां हैंडीक्राफ्ट, सीनरी और एंटीक डेकोर आइटम्स बेहद सस्ते दामों पर मिल जाते हैं. हालांकि, यहां खरीदारी करते वक्त मोलभाव करना बेहद जरूरी है, तभी सही डील मिलती है.
लखनऊ के निशातगंज में लगने वाली बुध बाजार भी सस्ते होम डेकोर सामान के लिए जानी जाती है. यह बाजार हर बुधवार को निशातगंज पुल के नीचे लगती है और काफी बड़ी होती है.
यहां कपड़ों से लेकर होम डेकोर तक का शानदार कलेक्शन मिलता है. कम बजट में बढ़िया सामान खरीदने के लिए लोग दूर-दूर से यहां आते हैं. First Updated : Wednesday, 04 February 2026