Mother’s Day Special: घर के देसी नुस्खों से मम्मी के चेहरे पर लाएं नेचुरल निखार

मदर्स डे पर इस बार मम्मी को पार्लर नहीं, बल्कि घर के देसी नुस्खों से दें नेचुरल ग्लो का तोहफा. बेसन, हल्दी, शहद और पपीते जैसे घरेलू उपाय उनकी त्वचा में फिर से ताजगी और चमक ला सकते हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

मदर्स डे: मदर्स डे सिर्फ एक खास दिन नहीं, बल्कि मां के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और देखभाल को सम्मान देने का मौका होता है. हर साल 10 मई को मनाया जाने वाला यह दिन उन माताओं को समर्पित है, जो सुबह से रात तक पूरे परिवार का ख्याल रखते-रखते अक्सर खुद की जरूरतों को नजरअंदाज कर देती हैं.

ऐसे में इस मदर्स डे पर उन्हें महंगे गिफ्ट्स देने की बजाय थोड़ा सुकून और खुद के लिए समय देना सबसे खूबसूरत तोहफा हो सकता है. पार्लर के केमिकल वाले फेशियल की जगह घर में मौजूद प्राकृतिक चीजों से तैयार किए गए देसी नुस्खे उनकी त्वचा में फिर से ताजगी और निखार ला सकते हैं. ये उपाय सिर्फ स्किन केयर नहीं, बल्कि मां के लिए प्यार और अपनापन जताने का भी एक तरीका हैं.

बेसन और हल्दी का उबटन

बेसन और हल्दी का उबटन वर्षों से इस्तेमाल किया जाने वाला पारंपरिक नुस्खा है. बेसन त्वचा की गहराई से सफाई करने में मदद करता है, जबकि हल्दी त्वचा को प्राकृतिक चमक देने का काम करती है.

इसे बनाने के लिए दो चम्मच बेसन में एक चुटकी हल्दी और थोड़ा दही या कच्चा दूध मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इस उबटन को चेहरे और गर्दन पर लगाएं और सूखने के बाद हल्के हाथों से रगड़ते हुए धो लें.

शहद और मलाई का पैक

ड्राई स्किन के लिए शहद और मलाई का पैक बेहद फायदेमंद माना जाता है. मलाई त्वचा को अंदर से मॉइस्चराइज करती है और चेहरा मुलायम बनाती है.

इसके लिए एक चम्मच दूध की मलाई में आधा चम्मच शहद मिलाकर चेहरे पर लगाएं. करीब 10 मिनट बाद ठंडे पानी से चेहरा धो लें. इससे त्वचा में नमी और प्राकृतिक चमक बनी रहती है.

चंदन और गुलाब जल का पैक

गर्मियों में रसोई की गर्मी और दिनभर की थकान का असर चेहरे पर साफ दिखाई देने लगता है. ऐसे में चंदन और गुलाब जल का पैक चेहरे को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है.

चंदन पाउडर में गुलाब जल मिलाकर पेस्ट तैयार करें और इसे चेहरे पर लगाएं. यह पैक त्वचा की थकान कम करने के साथ टैनिंग हटाने में भी मददगार माना जाता है.

पपीते का पल्प देगा इंस्टेंट ग्लो

पपीते में मौजूद एंजाइम्स डेड स्किन हटाकर चेहरे पर इंस्टेंट ग्लो लाने में मदद करते हैं.

इसके लिए पके हुए पपीते के टुकड़े को अच्छी तरह मैश करें और पांच से सात मिनट तक चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करें. इससे त्वचा फ्रेश और चमकदार नजर आने लगती है.

डिटॉक्स वॉटर भी है जरूरी

सिर्फ बाहरी देखभाल ही नहीं, बल्कि अंदर से स्वस्थ रहना भी बेहद जरूरी है. शरीर के अंदर की सेहत चेहरे पर साफ दिखाई देती है. ऐसे में मम्मियों को पुदीना और खीरे से तैयार डिटॉक्स वॉटर पिलाएं, ताकि उनकी त्वचा में अंदर से भी नैचुरल ग्लो बना रहे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो